छह हत्याओं के आरोपी गैंगस्टर को दादरी स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। राजस्थान के अलवर निवासी कुलदीप गुरुग्राम के संदीप गाडोली गैंग जुड़ा है। हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा राजस्थान में दर्ज करीब 24 मामले आरोपी पर दर्ज है। दो डोगा, एक पिस्टल और 24 कारतूस बरामद हुए हैं।
हरियाणा के चरखी दादरी जिले की दादरी स्पेशल स्टाफ पुलिस टीम को को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने राजस्थान के अलवर निवासी गैंगस्टर कुलदीप उर्फ लंबू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो डोगा, एक पिस्टल और 24 कारतूस बरामद हुए हैं।
विज्ञापन
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसपर छह हत्याओं समेत लूट और फिरौती केस दर्ज हैं। हरियाणा के तीन जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी। रविवार दोपहर डीएसपी अशोक कुमार ने प्रेसवार्ता में आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि राजस्थान के अलवर जिले के गांव मांडन निवासी आरोपी कुलदीप उर्फ लंबू गुरुग्राम के संदीप गाडोली गैंग से जुड़ा है। लूट के अलावा वो गैंगवार में भी मर्डर कर चुका है। डीएसपी ने बताया कि स्पेशल स्टाफ प्रभारी एसआई शमशेर और पीएसआई विशाल सिंह की टीम ने आरोपी को राजस्थान से काबू किया है।
विज्ञापन
डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी कार में सवार था और उसी कार की स्टेपनी में उसने एक पिस्टल छुपाया हुआ था। स्पेशल स्टाफ ने आरोपी को काबू करने के साथ पिस्टल और तीन कारतूस बरामद कर लिए। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपी की निशानदेही पर निमराना स्थित उसके फ्लैट से दो डोगा व 21 और कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा के अलावा राजस्थान में 24 मामले दर्ज हैं जिनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और फिरौती संबंधी केस शामिल हैं।
रोहतक, दादरी और गुरुग्राम पुलिस को थी तलाश
डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी कुलदीप उर्फ लंबू कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ दादरी के अलावा गुरुग्राम और रोहतक में केस दर्ज हैं। इन तीनों जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी, लेकिन दादरी पुलिस के हाथ सफलता लग गई।
इन छह हत्याओं को अंजाम दे चुका आरोपी
2006 में गुरुग्राम के सेक्टर-9 में रमेश नामक व्यक्ति की हत्या की
संदीप गाडोली की विपक्षी गैंग के दो गुर्गाें को मौत के घाट उतारा।
2006 में गुरुग्राम के सेक्टर-3 में नीटू गैंग के फाइनेंसर का मर्डर किया।
2010 में झज्जर के खेड़ी खातीवास निवासी एक व्यक्ति को गोली मारी।
2013 में रोहतक के सांपला से गाड़ी छीनी और चालक को गोली मार दी।
2017 में दादरी के कन्हेटी गांव निवासी ठेकेदार की हत्या कर दी।