चरखी दादरी के वाल्मीकि नगर निवासी एवं चिकन कॉर्नर संचालक को फोन पर धमकी देने और जातिसूचक शब्द कहने का मामला सामने आया है। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस संबंध में मूलरूप से खेड़ी बूरा निवासी एवं फिलहाल दादरी के लोहारू रोड पर रहे एक युवक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-11 स्थित वाल्मीकि नगर निवासी दीपक ने बताया कि वो महेंद्रगढ़ चुंगी के समीप चिकन कॉर्नर चलाता है। गत 25 जुलाई की सुबह 11 बजे उसके पास लोहारू रोड निवासी एक युवक आया था। उक्त युवक ने उससे कहा कि उसके पास 15 मुर्गे हैं। अगर वो खरीदना चाहे तो उसके घर आकर ले जाने पड़ेंगे।
दीपक ने बताया कि इसके बाद दोपहर करीब एक बजे उसने उक्त युवक को फोन किया तो उसने मुर्गे न बेचने की बात कहकर आने से मना कर दिया और उसे जातिसूचक गालियां दीं। इसके बाद दीपक ने फोन काट दिया। दीपक के अनुसार फोन काटने के बाद उक्त युवक ने उसके पास बैठे उसके परिचित संदीप के पास फोन कर गालियां देनी शुरू कर दी। संदीप के फोन पर भी उक्त युवक ने जातिसूचक शब्द कहे। दीपक ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत के साथ इसकी रिकॉर्डिंग भी सौंपी है जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।