गिरफ्तार करने पहुंची स्पेशल स्टाफ टीम पर आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में पैर में इंस्पेक्टर की गोली लगी। 14 नवंबर को हुई वारदात में शामिल युवती के पिता और एक अन्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
प्रेम-विवाह करने वाले चरखी दादरी के ऊण निवासी दंपती को गोली मारने के तीन आरोपियों को दादरी स्पेशल स्टाफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी पिलाना के रहने वाले हैं और इनमें युवती का पिता और उसके दो साथी शामिल है। एक आरोपी सोनू उर्फ कालू ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायर किया और पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली उसके पैर में लगी।
विज्ञापन
गोली लगने से घायल सोनू उर्फ कालिया का पीजीआई में उपचार चल रहा है और उसके खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने पर हत्या का प्रयास का एक और मामला दर्ज हुआ है। वहीं, दंपती को गोली मारने पर उसके खिलाफ अपहरण समेत सशस्त्र अधिनियम और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत एक मामला गत 14 नवंबर को ही दर्ज हुआ था।
बौंदकलां डीएसपी सुभाषचंद ने सोमवार को प्रेसवार्ता में तीनों आरोपी सोनू उर्फ कालिया, कुलदीप और परमजीत उर्फ तोता को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वारदात में युवती का पिता कुलदीप, सोनू उर्फ काला और परमजीत उर्फ तोता शामिल थे। डीएसपी ने बताया कि कुलदीप की बेटी साक्षी ने ऊण निवासी मोहित से 6 माह पहले प्रेम विवाह किया था और कुलदीप इस शादी से नाराज था।
विज्ञापन
14 नवंबर की शाम वो सोनू व परमजीत के साथ अपनी बेटी साक्षी की ससुराल पहुंचा। उन्होंने पहले साक्षी के पति मोहित के हाथ में गोली मारी और इसके बाद एक गोली मारने के बाद अपहरण कर साक्षी को साथ ले गए। रानीला क्षेत्र में उन्होंने साक्षी को और गोलियां मारी।
इसके बाद वो उसे मरा समझकर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि इस हमले में साक्षी और मोहित दोनों बच गए थे। डीएसपी ने बताया कि गोली लगने से घायल सोनू उर्फ काला पीजीआई में उपचाराधीन है जबकि कुलदीप और परमजीत को कोर्ट में पेश कर हथियार व कार की बरामदगी के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।