बौंदकलां। दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग स्थित किलसर तालाब में शनिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे पहले कार ने बिजली का खंभा भी तोड़ डाला। कार में महेंद्रगढ़ के निंबी गांव निवासी रिटायर्ड कैप्टन और उनकी पुत्रवधू सवार थीं। दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। उन्हें बौंदकलां सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सक नहीं होने के कारण चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने घायल महिला का उपचार किया
बौंदकलां सीएचसी में उपचाराधीन गांव निंबी निवासी रिटायर्ड कैप्टन जनक सिंह ने बताया कि वे अपनी पुत्रवधू के साथ कलिंगा में मातमपूर्सी में शामिल होने कार से जा रहे थे। कार को रिटायर्ड कैप्टन जनक सिंह चला रहे थे। कार सुबह साढ़े आठ बजे नारनौल-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग स्थित बौंदकलां पहुंची तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। इससे कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बिजली पोल को तोड़कर तालाब में जा गिरी। तालाब से कुछ गिरने की आवाज आते ही समीप ही टैक्सी स्टैंड के चालक और ग्रामीणों की भीड़ तालाब पर पहुंच गई। चालकों ने तुरंत तालाब में छलांग लगाकर कार की खिड़की खोलकर कार सवार ससुर और पुत्रवधू को बाहर निकाला। कार सवार रिटायर्ड कैप्टन जनक सिंह ने बताया कि उनकी पुत्रवधू के ताऊ के लड़के का हार्टअटैक से शुक्रवार को निधन हो गया था। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कलिंगा जा रहे थे। उसके बाद ग्रामीणों ने रिटायर्ड कैप्टन जनक सिंह (68) वर्ष और उनकी पुत्रवधू विजयलक्ष्मी (42) को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती करवाया। सीएचसी में डॉक्टर नहीं होने पर वहां पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने ही घायलों का उपचार किया। उपचार के बाद में क्रेन बुलाकर कार को तालाब से बाहर निकलवाया गया।