गांव मंदोला में बिजली चोरी रोकने गई विजिलेंस टीम को पकड़कर डंडों से पीटा गया। बिजली निगम के जेई के कपड़े फाड़ दिए गए। पुलिस ने मौके पर जाकर विजिलेंस कर्मचारियों को छुड़वाया। पुलिस जांच करने में जुटी हैं। पुलिस ने फिलहाल चार-पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 11.30 बजे रेवाड़ी से विजिलेंस टीम चरखी दादरी जिले के गांव मंदोला में पहुंची। विजिलेंस टीम बिजली चोरी करने की शिकायत पर पहुंची। किसी व्यक्ति ने पंचकूला मुख्यालय पर बिजली चोरी संबंधी यह शिकायत कर रखी थी। विजिलेंस टीम में शामिल जेई संदीप नरवाल, एएसआई चंद्रभान और हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह गांव में पूर्व सरपंच के मकान पर पहुंचे।
जेई संदीप नरवाल ने बताया कि टीम ने मकान में प्रवेश कर पहले मीटर को चेक किया, उसके बाद लोड की जांच की। इसी बीच मकान में रहने वाले सदस्य आ गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनके कपड़े फाड़ दिए और बदतमीजी की। जेई ने बताया कि उन पर डंडों से हमला कर दिया। जेई संदीप ने बताया कि उसने छत से कूदकर बचाव का प्रयास किया तो पूर्व सरपंच के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। जेई संदीप नरवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच के परिजनों ने टीम के तीनों सदस्यों को करीब एक घंटे तक घर में बंधक बनाकर रखा। जैसे-तैसे पुलिस को सूचना मिली तो झोझू कलां पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर विजिलेंस टीम के सदस्यों को छुड़वाया। बाद में डीएसपी बली सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी पूछताछ की। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद रेवाड़ी से विजिलेंस एसएचओ वीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।
विदित रहे बिजली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विजिलेंस टीमों का गठन कर रखा है। बिजली निगम की टीमें समय-समय पर गांव व शहर में औचक छापेमारी करती हैं। अक्सर बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं हो जाती हैं। शुक्रवार को विजिलेंस टीम के साथ पुलिस भी मौजूद थी, उसके बाद भी उनके साथ मारपीट हुई। जिले के कई गांवों में इस प्रकार की घटनाएं पहले हो चुकी हैं।
मकान मालिक मीटर को बाईपास कर बिजली की चोरी कर रहा था। महिलाओं ने उसके पकड़े फाड़ दिए। उसके साथ मारपीट की गई। डंडों से पिटाई की गई। टीम को बंधक बनाए रखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनको रिहा करवाया है। मकान मालिक पूर्व सरपंच की विजिलेंस में बिजली चोरी करने की शिकायत आई थी। उसके आधार पर टीम गांव में पहुंची थी। उसके कपड़े फाड़कर उस पर झूठा केस बनवाने की भी परिजनों द्वारा कोशिश की गई।
- विजिलेंस जेई संदीप नरवाल
पुलिस ने इस संबंध में चार-पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीम में शामिल चोटिल कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
- दलबीर सिंह, झोझू कलां पुलिस चौकी प्रभारी
पुलिस इस घटना की गहनता से जांच कर रही है। मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- बली सिंह, डीएसपी, चरखी दादरी