चरखी दादरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए बिजली निगम 4.50 किलोमीटर लंबी तार लगाएगा। ये तार अब 6 के बजाय 50 एमएम की लगेंगी। इतना ही नहीं 19 नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। निगम ट्यूबवेल के फीडरों का लोड भी कम करने जा रहा है ताकि आपूर्ति में व्यवधान कम से कम आए। जिले में 11 हजार 170 बिजली ट्रांसफार्मर पहले से ही लगे हुए हैं और 90 फीडरों के जरिये बिजली आपूर्ति की जा रही है।
तार और ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली निगम ने बकायदा सर्वे किया है और यह कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा जो 19 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं उनमें से 16 ट्रांसफार्मर 100 केवीए क्षमता के होंगे। तीन ट्रांसफार्मर 63 केवीए क्षमता के लगने हैं। बिजली निगम के अधिकारियों का दावा है कि एक सप्ताह में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा कृषि फीडरों से आपूर्ति में भी सुधार करने पर काम हो रहा है। लोड वाले फीडरों को बांटा जा रहा है ताकि बारी-बारी से बिजली आपूर्ति हो सके। जिले के 15 प्रतिशत एरिया में बिजली चालित ट्यूबवेल से सिंचाई होती है।
बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए निगम समय समय पर योजना तैयार करता है। लोड बढ़ने के अनुपात में आपूर्ति में सुधार करने का प्रयास किया जाता है। शहर व गांवों में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए एक साथ काम किया जाता है। शहर में भी कई गांवों के पावर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जाती है। गांव घसोला से शहर के 15 प्रतिशत एरिया में बिजली आपूर्ति की जा रही है। शहर में 33 केवीए का नया पावर सब स्टेशन निर्माण का प्रोजेक्ट प्रक्रिया में है। उसके बाद शहर की आपूर्ति में व्यापक सुधार आएगा।
20 फीडरों पर लगी हैं पुरानी तार
जिले के कई भागों में आज भी करीब 20 फीडरों पर पुराने तार लगी हुई हैं। यह तार अब जवाब दे चुकी हैं। अंधड़ व बारिश में तार टूट जाती हैं, जिससे सप्लाई ठप हो जाती है। तार के साथ पोल भी टूट जाते हैं जिससे बिजली आपूर्ति बहान करने में एक से दो दिन तक का समय लग जाता है। पुरानी तार लोड झेलने की स्थिति में कतई नहीं है और इसके चलते इन्हें बदलने की योजना तैयार की गई है।
- बिजली कटों में आई थोड़ी कमी, पूरी तरह नहीं मिला छुटकारा
पिछले कुछ दिनों से जिले में की जा रही बिजली आपूर्ति में कुछ हद तक सुधार नजर आया है। हालांकि अभी तक लोगों को घंटों तक लगने वाले बिजली कट से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। रात के समय अभी भी कट लग रहे हैं। जबकि दिन के समय लगने वाले कटों की संख्या कुछ कम हुई है। इतना ही नहीं बिजली कटों का अब समय भी कम किया गया है।
एक सप्ताह में यह काम पूरा करने की प्लानिंग पर काम हो रहा है। नई तार लगाई जा रही हैं। नए पोल भी लगाए जाने हैं। इससे बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा। फॉल्ट आदि से छुटकारा मिल सकेगा।
-शंकरलाल पंवार, एसडीओ, बिजली निगम।