जिले में मंगलवार को पांच और नए व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंगलवार को इनकी रिपोर्ट मिली है। दादरी में अब 51 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग इन पांचों संक्रमितों का पूरा विवरण जुटा रहा है।
मंगलवार को मिले कोरोना पॉजिटिव में एक गांव भांडवा का निवासी है। दूसरा संक्रमित गांव छपार से और तीसरा व्यक्ति बिरही कलां का निवासी है। गांव बिरही कलंा और छपार के दोनो संक्रमित सेना में कार्यरत हैं। संक्रमित के अन्य दो मामले शहर के वार्ड आठ निवासी हैं। इनमें एक व्यक्ति व एक महिला शामिल हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा अभी कम नहीं हुआ है। बीच-बीच में मामले सामने आ रहे हैं। खासकर बाहर से आने वाले लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। जिले में सामाजिक संक्रमण का फिलहाल कोई खतरा नहीं है। जो लोग खासकर दिल्ली, गुरुग्राम व अन्य बड़े नगरों से क्षेत्र में आ रहे हैं उनमें ही इस रोग की शिकायतें ज्यादा मिल रही हैं।
जिला में अभी तक आए कुल 144 मामलों में से 92 ठीक हो चुके हैं। 1605 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं और 1735 लोग होम क्वारंटाइन में हैं। 16 लोग आइसोलेशन में हैं। सात लोग क्वारंटाइन सेंटर में हैं। अभी तक टेस्ट के लिए भेजे गए 7082 सैंपल में से 6805 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 132 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार कैंप आदि लगाकर भी लोगों का कोरोना टेस्ट कर रही हैं ताकि रोग का पता चलने पर और अधिक संक्रमण ना बढ़ने पाए। स्क्रीनिंग का काम भी किया जा रहा है। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि लोगों को जागरूक रहना चाहिए। लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।