नई अनाज मंडी में सोमवार रात चोर गिरोह ने तीन दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोर इन दुकानों के आगे बने बरामदे में रखे गेहूं, खल और बिनौले के बैग चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और डीएसपी रामसिंह मौके पर पहुंचे। पीड़ित आढ़तियों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पिछले 40 दिनों में अनाज मंडी की पांच दुकानों को चोर निशाना बना चुके हैं और एक भी वारदात अब तक ट्रेस नहीं हुई है।
सोमवार रात एक साथ तीन दुकानों में हुई चोरी के बाद अनाज मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान उठ रहे हैं। आढ़ती पहले हुई वारदात के बाद भी सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अब तक मंडी प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। इसका फायदा चोर गिरोह उठा रहा है। मंगलवार सुबह चोरी की वारदात का पता चलते ही अनाज मंडी में आढ़ती एकत्र हुए और घटना पर रोष जताया।
मंडी प्रधान रामकुमार रिटोलिया, विनोद गर्ग, अनिल कुमार, सुरेंद्र, बाबूलाल आदि ने बताया कि मंडी में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं और इसके बावजूद सुरक्षा की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। चोरी की घटनाओं से आढ़तियों को लाखों की चपत लग रही है और मामले ट्रेस भी नहीं हो पा रहे है।
मंडी के आढ़तियों ने चौकीदारों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस गश्त की भी मांग की है। आढ़तियों का कहना है कि अगर जल्द चोरों को गिरफ्तार कर माल की बरामदगी नहीं करवाई गई तो वो कड़े कदम उठाने को विवश होंगे। सोमवार रात श्यामलाल राजेंद्र प्रसाद फर्म से 45 कट्टे गेहूं, दया किशन अनिल कुमार फर्म से 12 कट्टे गेहूं और प्रहलादराय ओमकार फर्म से 9 बोरी बिनौले और तीन बोरी खल चोरी हुए है। मंगलवार सुबह अनाज मंडी पहुंची पुलिस टीम के सामने भी आढ़तियों ने लगातार हो रही वारदातों पर नाराजगी जाहिर की और उनके माल की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध करने की गुहार लगाई।
गत 16 जून को नगदी समेत सरसों व बिनौले के कट्टे हुए थे चोरी
मंडी के आढ़तियों ने बताया कि गत 16 जून को भी दो दुकानों में चोरी की वारदात हुई थी। दुकान नंबर 143 का चोर शटर उखाड़कर दो लाख रुपये की नगदी ले गए थे जबकि दुकान नंबर 288 से 40 कट्टे सरसों और दो कट्टे खल-बिनौले चोरी हुए थे। ये दोनों वारदातें भी अभी अनट्रेस हैं।
आढ़तियों ने मंडी में की रोष बैठक
40 दिन के अंदर पांच दुकानों में चोरियां होने से आढ़तियों में रोष है। मंगलवार सुबह मंडी परिसर में एकत्र हुए आढ़तियों ने प्रधान रामकुमार रिटोलिया की अध्यक्षता में रोष बैठक की। आढ़तियों ने कहा कि मार्केट कमेटी और पुलिस प्रशासन आढ़तियों की माल की सुरक्षा नहीं कर पा रही है और बेखौफ चोर आए दिन वारदातें कर रहे हैं।
दीवार के साथ खड़ी की चोरों ने गाड़ी
मंडी के आढ़तियों ने बताया कि सोमवार रात तीन दुकानों से कट्टे चोरी करने के बाद चोर गाड़ी में इन्हें डालकर फरार हो गए। चोरों ने अपनी गाड़ी अनाज मंडी की पिछली दीवार के समीप खड़ी की। दीवार के जरिये कट्टे गाड़ी में पहुंचाए गए। दीवार के साथ गाड़ियों के टायरों के निशान भी मिले हैं।
मंडी की सुरक्षा में तीन चौकीदार पड़ रहे कम
मंडी के आढ़तियों ने बताया कि करीब 25 एकड़ में मंडी बनी है और इसकी सुरक्षा के लिए महज तीन चौकीदार ही नियुक्त हैं। चौकीदारों की संख्या बढ़ाने की मांग आढ़ती लगातार उठा रहे हैं लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। गत 16 जून को दो दुकानों में चोरी हुई थी और उस समय तीन चौकीदारों के अलावा चार पुलिसकर्मियों की भी यहां तैनाती थी।
आए दिन मंडी में चोरी की वारदात हो रही हैं, जिससे आढ़तियों को चपत लग रही है। मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस को भी जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर माल की बरामदगी करवानी चाहिए।
- रामकुमार रिटोलिया, नई अनाज मंडी प्रधान
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- तेलूराम, सिटी थाना प्रभारी