जिले में वीरवार को कोरोना के दो और नए मामले सामने आए हैं। दोनों संक्रमित टोडी ढाणी के एक ही परिवार के हैं। संक्रमितों में एक 49 वर्षीय महिला है जबकि दूसरा 40 वर्षीय पुरुष है। नए संक्रमित मिलने के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 93 हो गई है।
डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने दोनों संक्रमित टोडी ढाणी के होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉ. तोमर ने बताया कि जो दो नए संक्रमित मिले हैं वो एक 16 वर्षीय संक्रमित किशोरी के संपर्क में आए हुए हैं। कुछ दिन पहले किशोरी टोडी ढबाणी रुककर गई थी। भिवानी में कोरोना टेस्ट के लिए उसका सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। किशोरी के संपर्क में आए लोगों में इन दोनों का नाम भी था। इसके चलते गत छह जुलाई को दोनों के सैंपल लेकर कोरोना टेस्ट के लिए रोहतक पीजीआई भेजे गए थे। वीरवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव होने की पुष्टि की है।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि इन दोनों संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 15 लोगों का पता चला है। चार दिन बाद उन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। गौरतलब है कि बुधवार को भी जिले में दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे। पिछले अगर तीन दिन की बात करें तो छह नए संक्रमित मिले हैं जबकि चार स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। बुधवार को सामने आए दो कोरोना पॉजिटिव लोगों के संपर्क में 30 लोग आने की पुष्टि हुई थी।
वीरवार को भेजे 122 सैंपल
डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि अब तक जिले से 5676 सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए रोहतक भेजे गए हैं। इनमें से 93 की रिपोर्ट पॉजिटिव जबकि 5395 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वीरवार को जांच के लिए 122 सैंपल भेजे गए, जबकि 90 सैंपलों की निगेटिव रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को पीजीआई की तरफ से मिली। 188 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है।
1704 लोग हैं होम क्वारंटीन
जिले में 1550 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं जबकि 1704 लोग होम क्वारंटीन हैं। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने 12 लोगों को होम क्वारंटीन किया। नौ लोग कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में तो छह लोग क्वारंटीन सेंटरों में भर्ती हैं।
जुलाई में मिल चुके 15 संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमित सबसे अधिक केस जून माह में मिले थे। जून में करीब 70 मामले सामने आए थे। जुलाई में अब तक 15 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। अब स्वास्थ्य विभाग सैंपलों की संख्या बढ़ाने जा रहा है और जिला उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दे दिए हैं।
टोडी ढाणी निवासी दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। उन्हें हमने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 93 हो गई है, जिनमें 33 एक्टिव केस हैं।
- डॉ. मंजू कादयान, सीएमओ, चरखी दादरी