रोहतक रोड पर आरओबी के लिए काम करते श्रमिक।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। दादरी शहर के रोहतक रोड रेलवे फाटक पर पिछले करीब एक महीने से ठप पड़ा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य आखिरकार दोबारा शुरू हो गया है। श्रमिकों के अवकाश से लौटने के बाद निर्माण एजेंसी ने मौके पर मशीनें और मजदूर तैनात कर दिए हैं। इस कार्य के दोबारा शुरू होने से जहां स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं आरओबी के समय पर पूरा होने की धुंधली पड़ती उम्मीदें भी फिर से जागने लगी हैं।
वर्तमान में एजेंसी ने भगवान परशुराम चौक की ओर जाने वाली सड़क पर पाइल लोड टेस्टिंग के लिए काम शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि अब काम को गति दी जाएगी ताकि पिछले एक महीने में हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। हालांकि, शहरवासियों को अभी एक लंबे इंतजार के लिए तैयार रहना होगा।
लोक निर्माण विभाग और एजेंसी के बीच हुए अनुबंध के अनुसार, 78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आरओबी का काम दो साल के भीतर पूरा किया जाना है। हालांकि, जमीनी हकीकत इसके उलट है। फरवरी 2025 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को 14 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 26 प्रतिशत निर्माण ही पूरा हो पाया है।
रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण प्रक्रिया की धीमी गति के कारण लोगों में रोष का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि अगर इसी गति से काम चलता रहा, तो फरवरी 2027 की डेडलाइन तक इसे पूरा करना असंभव होगा।