फरवरी के दूसरे सप्ताह में तापमान अनुकूल होते ही पीडब्लयूडी ने सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। जिले की नौ मुख्य सड़कों का पुनर्निर्माण होने से 40 से अधिक गांवों को खस्ताहाल सड़कों से छुटकारा मिलेगा। सड़क निर्माण पर 43.17 करोड़ खर्च होंगे। सड़कों के निर्माण की अवधि चार से लेकर दस माह रहेगी और दिसंबर तक सभी सड़कों का निर्माण पूरा होने की संभावना है।
जिले की जिन नौ मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने शुरू करवाया है, उनका प्रपोजल करीब एक साल पहले तैयार हुआ था। विभाग ने करीब 11 सड़कों का पुनर्निर्माण करवाने की योजना तैयार की थी, जिनमें से नौ को स्वीकृति के साथ बजट मिला।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करवाया जा रहा है। इन सड़कें बनने के बाद यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले 40 हजार से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी। सांकरोड़-झिंझर रोड के पुनर्निर्माण पर करीब साढ़े दस करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके निर्माण से 11 गांवों की डगर आसान होगी।
इन गांवों को मिलेगी राहत
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नौ सड़कों का निर्माण होने से बधवाना, पालड़ी, बालरोड, चांगरोड, सौंप, सांवड़, झिंझर, सांकरोड, सांजरवास, रानीला, अचीना, बिगोवा, इमलोटा, सरूपगढ़, कालियावास, समसपुर, खातीवास, कंहेटी, बांस, रानीला, सरूपगढ़, मंदोला, डाढी बाणा, हंसावास खुर्द, उण, चांदवास, दगड़ोली, रूदड़ोल, बिरही खुर्द, झोझूकलां, मैहड़ा, छपार, तिवाला, शीशवाला, बादल, पांडवान, मानकावास, पैंतावास और भागवी आदि गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
इन सड़कों के निर्माण पर आएगी इतनी लागत
सड़क राशि (करोड़ में)
बधवाना से पालड़ी, बधवाना और चांगरोड सड़क 3.56
सौंप से धारेडू मार्ग वाया सांवड़ 1.76
सांकरोड से झिंझर रोड 10.46
नीमली से रानीला रोड 6.97
मंदोला से डाढ़ी बाणा रोड 5.48
हंसावास खुर्द से उण रोड 4.11
बिरही खुर्द से झोझूकलां रोड 3.75
छपार से झोझूकलां रोड 3.65
पांडवान-मानकावास-पैंतावास रोड 3.43
इन सड़कों के निर्माण के लिए अभी करना होगा इंतजार
पीडब्ल्यूडी ने नौरंगाबास से गोशाला वाया उण, कादमा रोड का पुनर्निर्माण की योजना भी तैयार कर रखी है। इस सड़क के निर्माण पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने हैं। वहीं, अचीना ताल से भागवी-बिरोहड़ रोड के निर्माण की भी योजना है। इन दोनों सड़कों के निर्माण के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।
अब तापमान अनुकूल हो गया है और नौ सड़कों का निर्माण कार्य हमने शुरू करवा दिया है। तीन सड़कों का निर्माण कार्य जून में, तीन का जुलाई में, एक का सितंबर में और दो का दिसंबर तक पूरा हो जाएगा।
सोमबीर दहिया, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी