चरखी दादरी। रेलवे स्टेशन पर जीर्णोद्धार के नाम पर खर्च किए गए पांच करोड़ रुपये यात्रियों की सुविधाओं नाम पर नकारा साबित हो रहे हैं। रेलवे मंडल की ओर से बनाए गए आधुनिक प्रतीक्षालय व शौचालय शुभारंभ के इंतजार में बंद पड़े हैं। यहां सुविधाएं तो सारी हैं लेकिन मिलती एक भी नहीं हैं।
जिले के रेल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के नाम पर वर्ष 2022 में अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत कार्य शुरू किया गया था। इसके प्रथम चरण में रेलवे मंडल को पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च करने का बजट पास किया गया। ताकि, प्रतिदिन रेल में सफर करने वाले 5,000 से अधिक दैनिक यात्रियों के लिए सुविधाओं में विस्तार किया जा सके।
योजना के तीन साल पूरे होने के बाद भी यात्रियों को शौचालय तक की सुविधा नहीं मिल पाई हैं। वहीं, परिसर में यात्रियों के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय भी नहीं खोले गए हैं। ऐसे में यात्रियों को बाहर बनी सीटों पर बैठना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि पांच करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
यात्रियों ने रेलवे मंडल के उच्च अधिकारियों से स्टेशन पर यात्रियों के लिए बंद पड़ीं सुविधाओं को चालू करवाने की मांग की है। ताकि, यात्रियों को होने वाली परेशानियों का सामना न करना पड़े।
प्लेटफार्म नंबर दो पर बंद पड़े हैं शौचालय
रेलवे मंडल की ओर से प्लेटफार्म नंबर दो पर यात्रियों की सुविधा के लिए महिला, पुरुष व विकलांग शौचालयों का निर्माण करवाया गया है। लंबा समय गुजर जाने के बाद भी शौचालय बंद पड़े हैं। ऐसे में महिला यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं को शौच आदि के लिए लाइन पार कर प्लेटफार्म नंबर एक पर जाना पड़ रहा है।
रेलवे स्टेशन पर जीर्णोद्धार का कार्य 95 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। बाकी कार्य को पूरा करने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं। यह कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रेल यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-धुनीमल कुमावत, पीआरओ, बीकानेर रेलवे मंडल