शहर थाना में शिकायत देने आए अधिवक्ता संजीव तक्षक व अन्य साथी अधिवक्ता।
चरखी दादरी। कष्ट निवारण समिति की बैठक से बाहर निकाले जाने के मामले में अधिवक्ता संजीव तक्षक ने सिटी थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में तक्षक ने आरोप लगाया कि कष्ट निवारण समिति की बैठक से जिस तरह से उनको बाहर निकाल गया उससे उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है, जबकि उस बैठक में उनका भी परिवाद था। तक्षक ने बताया कि पिछली बैठक में उनका परिवाद कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया था।
बता दें कि लघु सचिवालय में वीरवार को कष्ट निवारण समिति की बैठक थी। जिसमें श्रम राज्यमंत्री अनूप धानक ने शिरकत की थी। परिवाद रखे जाने के दौरान संजीव तक्षक ने जिले में ओवरलोडिंग और अवैध खनन की समस्या को उठाया था। इस पर मंत्री अनूप ने कुछ बातें सुनी, इसके बाद उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को वादी को बैठक से बाहर निकाल दिया था। वहीं संजीव तक्षक द्वारा उठाए गए मुद्दे पर स्थानीय विधायक ने हामी भरते हुए कहा था कि मंत्रीजी दादरी में 24 घंटे ओवरलोड वाहन चलते हैं। इस पर मंत्री ने एक्शन लेते हुए आरटीए को दिन-रात वाहनों की चेकिंग करने के आदेश देते हुए डीसी मनदीप कौर को भी जांच के आदेश दिए थे।
शुक्रवार को अधिवक्ता संजीव तक्षक ने इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शहर थाना प्रबंधक को शिकायत सौंपते हुए मंत्री अनूप धानक व सुरक्षा कर्मियों के अभद्र व्यवहार, अपमानित करने व उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने बारे कड़ी कानूनी कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है।
थाने में लिखित शिकायत पत्र सौंपते समय अधिवक्ता प्रदीप कालीरमन, अधिवक्ता विकास महला, अधिवक्ता नरेश कुमार, सुनील श्योराण, अनिल सांगवान, आशीष सांगवान, रमेश श्योराण, रविन्द्र सांगवान आदि उपस्थित रहे।