ई-सचिवालय का शुभारंभ करते डीसी शिवप्रसाद शर्मा।
- फोटो : CharkhiDadri
ई-सचिवालय सुविधा का प्रयोग करने वाला दादरी प्रदेश का पहला जिला बन गया है। यह हम नहीं जिला प्रशासन स्वयं यह दावा कर रहा है। वीरवार को उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा ने जिला के दो लोगों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बात की और उनकी समस्या सुनीं। वहीं, शिकायत अपलोड करने वाले तीसरे फरियादी का वीडियो कांफ्रेंस के जरिए जुड़ाव नहीं हो पाया। वार्ड-13 निवासी चिराग ई-सचिवालय पर अपनी समस्या रखने वाले पहले फरियादी बने।
वीरवार को दोपहर 12 बजे उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा ने ई-सचिवालय सुविधा की शुरुआत की। जिले के तीन लोगों ने ई-सचिवालय के माध्यम से समस्या रखने के लिए पंजीकरण किया था, जिसके आधार पर सबको 5-5 मिनट का समय दिया गया था। सबसे पहले वार्ड 13 के चिराग ने पानी निकासी की समस्या रखी। उसके बाद दादरी के ही सन्नी ने दूषित पेयजल सप्लाई के बारे में बताया। तीसरे व्यक्ति का वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संपर्क नहीं हो पाया।
उपायुक्त ने दोनों शिकायतकर्ताओं द्वारा रखी गई समस्याओं को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरुआत से लोगों को घर बैठे ही अपनी समस्या का समाधान मिल सकेगा और इससे कोरोना संक्रमण की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी।
इस लिंक पर अपलोड कर सकते हैं शिकायत
ई-सचिवालय डॉट ई दिशा डॉट जीओवी डॉट इन पर कोई भी नागरिक अपनी शिकायत अपलोड कर सकता है। एनआईसी की ओर से शिकायतकर्ता को दिन व समय का वर्णन करते हुए एक मोबाइल लिंक भेजा जाएगा। वह उसी निर्धारित समय पर लिंक के द्वारा ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अपनी शिकायत उपायुक्त को बता सकता है।
वर्जन::
दादरी जिले में ई-सचिवालय सेवा वीरवार से विधिवत शुरू कर दी गई है। दोनों शिकायतें मेरे पास आई हैं और मैंने जनस्वास्थ्य विभाग को सीवर और पेयजल संबंधी समस्याओं के निदान के आदेश दे दिए हैं। सप्ताह में अब एक दिन ई-सचिवालय के जरिए शिकायतें सुनीं जाएंगी।
- शिवप्रसाद शर्मा, डीसी, चरखी दादरी