चरखी दादरी। जिले के लोगों को जल्द ही सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलने वाली है। घसोला रोड पर 72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक लघु सचिवालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और लोक निर्माण विभाग इसे 5 अगस्त को जिला प्रशासन को सौंप देगा। नए लघु सचिवालय में फिलहाल बिजली सबस्टेशन का कनेक्शन चालू करने का कार्य शेष है।
लोक निर्माण विभाग आधुनिक लघु सचिवालय के निर्माण पर कुल 72 करोड़ रुपये की लागत आई है। भवन का ढांचागत निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग और अंतिम चरण के कुछ छोटे-मोटे कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस भवन को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी प्रशासनिक और सरकारी कार्यालयों को एक ही परिसर में समायोजित किया जा सके।
सब स्टेशन का निर्माण हुआ
लघु सचिवालय जैसे विशाल परिसर में निर्बाध और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित बिजली सबस्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस सबस्टेशन का काम भी अंतिम चरण में है और आगामी एक सप्ताह के भीतर इसे पूरी तरह से पूरा कर लिया जाएगा।
बिजली कनेक्शन और ट्रांसफार्मर से जुड़े सभी तकनीकी परीक्षण इस समयावधि में समाप्त हो जाएंगे जिससे भवन के उद्घाटन और संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
5 तक हैंडओवर की उम्मीद
लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के बीच हुई सहमति के अनुसार आगामी 5 अगस्त को यह भवन जिला प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद प्रशासन की ओर से विभागों को शिफ्ट करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि 15 अगस्त तक इस नए भवन में जनता के लिए कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।
जनता को मिलेंगी एक ही छत के नीचे सभी सेवाएं
लघु सचिवालय के निर्माण से पहले चरखी दादरी में विभिन्न सरकारी कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे थे जिसके कारण आम जनता, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार एक ही काम के लिए लोगों को शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक दौड़ना पड़ता था।
अब इस नए लघु सचिवालय बनने के बाद उपायुक्त कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील, जिला राजस्व विभाग और अन्य प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तर एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।
जानिए...नए भवन में किस अधिकारी का कहां होगा कार्यालय
नए लघु सचिवालय के भू-तल पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। भवन में भूतल पर डीआरओ और डीएसडब्ल्यूओ आदि अधिकारियों के कार्यालय होंगे। भवन की पहली मंजिल पर उपायुक्त कार्यालय और नगराधीश कार्यालय के कार्यालय के लिए स्थान होगा।
भवन की दूसरी मंजिल पर अतिरिक्त उपायुक्त, जिला कल्याण अधिकारी, तहसीलदार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी आदि का कार्यालय होगा। भवन की तीसरी मंजिल पर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग से संबंधित अन्य शाखाएं स्थापित की जाएंगी।
एक ही छत के नीचे बैठे मिलेंगे सभी अधिकारी
शहर में इस समय सरकारी दफ्तर अलग-अलग जगहों पर चल रहे हैं और मौजूद सचिवालय भवन का दायरा कम पड़ने के कारण सभी विभागों की सुविधा लोगों को एक छत के नीचे नहीं मिल पा रही है। महिला एवं बाल विकास विकास, आरटीए कार्यालय समेत अन्य कार्यालय लंबे समय से किराये के भवनों में चल रहे हैं और इनकी शिफ्टिंग के बाद लोगों को नया कार्यालय ढूंढने में काफी दिक्कतें आती हैं। वहीं लघु सचिवालय भवन का निर्माण होने से इन विभागों के दफ्तर एक ही छत के नीचे होंगे।
वर्सन:
फिलहाल घसोला रोड पर जिलास्तरीय लघु सचिवालय का भवन बन कर तैयार हो गया है। भवन के अंदर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब केवल बिजली आपूर्ति से संबंधित कुछ कार्य बचा हुआ है जिसे जल्दी पूरा कर 5 अगस्त तक प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। गुरचरणसिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग।