बाढड़ा में पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा करते जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास।
बाढड़ा। जिला परिषद के चेयरमैन मनदीप डालावास ने सोमवार को बाढड़ा स्थित अपने कार्यालय में पंचायत प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होंगी। इनके लिए पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला पार्षद अपने गांवों में कमेटियों का गठन कर शांतिप्रिय ढंग से परीक्षा आयोजित करवाने में सहयोग करें क्योंकि परीक्षाओं की पवित्रता से ही बच्चों के मजबूत भविष्य की नींव रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी बच्चे कच्चे घड़े के समान होते हैं। इसलिए हमें उनको अच्छे संस्कार देना चाहिए। हम उन्हें बाल्यकाल में ही कड़ी मेहनत करने की शिक्षा देंगे तो वह मानसिक तौर पर नकल मुक्त परीक्षा देने के लिए मनोवैज्ञानिक तौर पर तैयार होंगे। प्रदेश सरकार ने शिक्षा स्तर को ऊंचा उठाने के लिए कई बदलाव किए हैं। बोर्ड परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से करवाना हम सब पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल और सांसद धर्मबीर सिंह के प्रयासों से ग्रामीण विकास के लिए कई क्षेत्रों पर बजट खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में युवाओं की टीमों का गठन कर नशामुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर सहकारी बैंक के चेयरमैन सुधीर चांदवास, जिला पार्षद सुनील हड़ौदी, पूर्व सरपंच सुरेश डालावास, धन सिंह आदि मौजूद रहे।