चरखी दादरी। 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद महाविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए बुधवार को फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। इसमें वे आवेदक भी भाग लेंगे, जिनका पहली व दूसरी मेरिट सूची में नाम था, लेकिन, किसी कारण से वे दाखिला नहीं ले पाए।
जनता महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने डायरेक्टर हायर एजुकेशन के दाखिला पोर्टल पर निर्धारित तिथि से पहले आवेदन कर दिया था और जिन विद्यार्थियों का प्रथम व द्वितीय मेरिट सूची में नाम आ गया था लेकिन दाखिला नहीं ले पाए थे, वे विद्यार्थी महाविद्यालय में आकर प्रवेश पा सकते हैं।
डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अब तक दाखिला पोर्टल पर अपना पंजीकरण नहीं करवाया है, उनके लिए भी बुधवार से पोर्टल दोबारा खोल दिया जाएगा। प्रतिदिन काउंसिलिंग के जरिए महाविद्यालय में दाखिला ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने स्नातक किया है वे स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। जो विद्यार्थी जनता महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे महाविद्यालय में आकर निशुल्क अपना पंजीकरण फार्म भर सकते हैं। इसके लिए महाविद्यालय ने विद्यार्थियों के लिए अलग से एक सेल की व्यवस्था की है, जो डॉ. रितेश गुप्ता की देखरेख में कार्य कर रहा है।
महाविद्यालय में इन संकायों से कर सकते हैं स्नातकोत्तर
जनता महाविद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, ग्रामीण विकास, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, मैनेजमेंट बैंकिंग एंड फाइनेंस विषयों में स्नातकोत्तर की कक्षाएं चल रही हैं। इन संकायों से स्नातकोत्तर कर सकते हैं।