झोझूकलां राजीव गांधी खेल स्टेडियम में मंच तोड़ने की कवायद में जुटे श्रमिक।
झोझूकलां। कस्बा के राजीव गांधी खेल स्टेडियम के रेसिंग ट्रैक पर बनाया गया मुख्यमंत्री का मंच हटा दिया गया है। अब खिलाड़ियों को यहां अभ्यास करने में दिक्कतें नहीं आएंगी। अमर उजाला ने युवाओं से जुड़ी इस समस्या को 11 अगस्त के संस्करण में प्रमुखता से उठाकर अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था।
बता दें कि 24 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी झोझूकलां में जनसभा को संबोधित करने आए थे। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में मुख्यमंत्री का पक्का मंच बनाया गया था। जनसभा खत्म होने के बाद अधिकारियों ने मंच हटाने की तरफ ध्यान नहीं दिया जबकि इसका असर खिलाड़ियों के अभ्यास पर विपरीत पड़ा।
स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने एक सुर में जिला प्रशासन से दौड़ने में बाधक बना मंच हटाने की गुहार लगाई थी। अमर उजाला ने 11 अगस्त के संस्करण में खिलाड़ियों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया और स्टेडियम में सीएम का मंच हटाना भूले अधिकारी, खिलाड़ी झेल रहे परेशानी...शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद खेल विभाग अधिकारियों ने ग्राम पंचायत से संपर्क साधा और स्टेडियम से बनाया गया मंच तुड़वाने का आग्रह किया। इसके बाद ग्राम पंचायत ने भी सकारात्मकता दिखाते हुए मंच को दौड़ने के ट्रैक से हटा दिया।
झोझूकलां राजीव गांधी खेल स्टेडियम में सीएम की जनसभा के लिए बनवाया गया मंच हटवा दिया गया है। ग्राम पंचायत का इसमें सहयोग रहा और अब खिलाड़ियों को कोई समस्या नहीं आएगी।
-विष्णु भगवान, जिला खेल अधिकारी, चरखी दादरी