बाढड़ा। बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के साथ हर पार्टी की सरकार ने सौतेला बर्ताव कर विकास व रोजगार के मामले में पीछे धकेलने का काम किया है। वर्ष 2015 के बाद पहली बार कोई मुख्यमंत्री बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में आ रहे हैं। सीएम को क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ के बजट की मंजूरी देनी चाहिए। जनता बिजली-पानी, शिक्षा,चिकित्सा सुविधाओं के लिए तरस रही है। ये बातें हरियाणा स्टोन क्रशर एसोसिएशन प्रदेशाध्यक्ष सोमबीर सिंह घसोला ने गांव बाढड़ा, काकड़ौली, कादमा, बेरला, दगड़ौली में ग्रामीणों से मुलाकात करते हुए कहीं।
सोमबीर ने कहा कि वर्ष 2023 का बकाया फसल मुआवजा एक चौथाई भी जारी नहीं किया है। वहीं, अब वर्ष 2024-2025 रबी सीजन में गेहूं, सरसों व सब्जियों की फसलों पर तीन बार प्राकृतिक आपदा की मार पड़ी। सरकार अभी तक मुआवजा के लिए बजट जारी नहीं कर पाई है। सरकार चुप्पी साधे हुए है। सीएम व सरकार के अन्य जनप्रतिनिधि बार-बार दावा करते थे कि रबी सीजन की फसल कटाई से पहले किसानों के खातों में नुकसान की राशि भेजी जाएगी।