लाला लाजपत राय चौक के निकट सड़क पर जलभराव से गुजरते लोग।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और दोपहर करीब एक बजे आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। अनुमान के अनुसार जिले में करीब 4 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
दिन का पारा 37 डिग्री दर्ज
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण वातावरण में पहले की अपेक्षा ठंडक महसूस हुई। हालांकि बीच-बीच में बिजली कटौती होने से लोगों को कुछ परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बारिश से पहले उमस के कारण लोग बेहाल थे लेकिन मौसम बदलते ही बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई।
खेती काे मिला लाभ
बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस के कारण खेतों में नमी की कमी महसूस की जा रही थी। हल्की बारिश से फसलों को प्राकृतिक सिंचाई मिली जिससे किसानों ने राहत जताई। विशेषकर बाजरा, कपास, मूंग और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर बारिश होती रही तो फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
मौसम हुआ सुहावना
मौसम सुहावना होने पर कई लोगों ने शाम के समय घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लिया। बच्चों ने बारिश में खेलकर खुशी जताई जबकि युवाओं और बुजुर्गों ने भी ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाया। चाय और पकौड़ों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली। अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।