चरखी दादरी। लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त एवं लंबित सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। एसडीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है।
उन्होंने बताया कि यह हरियाणा सरकार की जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल रही है।
शिविर के दौरान बिजली, पेयजल, अवैध कब्जे, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी त्रुटियों के सुधार, वृद्धावस्था पेंशन, आधार कार्ड तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। संवाद