बाढड़ा। गांव डांडमा में राजकीय माध्यमिक विद्यालय का भवन जर्जर घोषित किया जा चुका है और इसके बावजूद दूसरी व्यवस्था न होने के कारण यहां कक्षाएं लगाई जा रहीं हैं। ग्रामीणों और ग्राम पंचायत का कहना है कि शिक्षा विभाग को नए भवन निर्माण की कवायद जल्द शुरू करनी चाहिए, ताकि जर्जर भवन में बैठकर विद्यार्थियों को पढ़ाई न करनी पड़े। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की भी मांग की है।
सरपंच आनंद श्योराण, नवीन कुमार, जितेंद्र डांडमा, बंसी, राजेश, संजय पंच आदि ने बताया कि माध्यमिक विद्यालय का भवन पिछले काफी समय पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद अध्यापक स्कूल के 32 छात्रों को मजबूरीवश जर्जर भवन में पढ़ाने के लिए मजबूर हैं। स्कूल भवन के निर्माण के लिए अधिकारियों और विभाग को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन नतीजा सिफर है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और विभाग के प्रति रोष बना हुआ है।
ग्रामीणों ने स्कूल को उच्चीकृत करने की भी मांग की है ताकि बच्चों को दूसरे गांव में न जाना पड़े। वाहनों की कमी के कारण छात्रों को दूसरे गांव में जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सरपंच आनंद श्योराण ने बताया कि इस बारे में वह कई बार विभाग और प्रशासन को अवगत करा चुके है। बच्चों के साथ कभी भी कोई हादसा हो सकता है। वहीं, मुख्य अध्यापक सुखवीर सिंह ने बताया कि स्कूल भवन के जर्जर होने की रिपोर्ट विभाग ने मांगी थी जो उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
ग्रामीण बोले : विद्यार्थी झेल रहे परेशानी, अभिभावक भी परेशान
गांव में स्कूल के भवन का निर्माण न होने से बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बच्चों के साथ कभी भी कोई हादसा हो सकता है। प्रशासन और विभाग समस्या को नहीं सुलझा रहा है। - जितेंद्र डांडमा।
विभाग ने करीब दो साल पहले स्कूल के भवन को जर्जर घोषित किया था। नए भवन के निर्माण के लिए कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है जिससे लोगों में विभाग और प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है। - नवीन कुमार, ग्रामीण।
स्कूल का अनुकूल भवन न होने के कारण बच्चों को सर्दी के मौसम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। भवन जर्जर होने के काफी दिनों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। विभाग मौन है। - राजेश।
स्कूल का भवन जर्जर होने के कारण लोगों को मजबूरीवश अपने बच्चों को दूर भेजना पड़ता है जो काफी महंगा पड़ता है। इसलिए प्रशासन और विभाग से मांग है कि स्कूल भवन का निर्माण जल्द करवाया जाए। - संजय कुमार, पंच