फोटो 27 : दादरी जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल। संवाद
डॉ. सुमित चाहर ने बुधवार को कार्यभार संभाला, आधुनिक दूरबीन व अन्य उपकरण पहले से उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दादरी के नागरिक अस्पताल सहित अन्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफे के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब दादरी जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में अपेंडिक्स, हॉर्निया, पित्त की थैली आदि सहित अन्य बीमारियों के ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामान्य सर्जन डॉ. सुमित चाहर का रोहतक पीजीआई से तबादला कर दादरी में नियुक्त किया गया है। बुधवार से डॉ. सुमित चाहर ने दादरी में अपना कार्यभार भी संभाल लिया है। खास बात यह है कि इस प्रकार की बीमारियों के ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक दूरबीन व अन्य उपकरण भी विभाग को मिल चुके हैं।
नागरिक अस्पताल में पहले से तैनात सामान्य सर्जन का करीब एक महीने पहले तबादला हो गया था। लेकिन विभाग के मुख्यालय की ओर से बुधवार को सामान्य सर्जन डॉ. सुमित चाहर को दादरी में नियुक्त कर दिया गया है। इसके चलते दादरी के नागरिक अस्पताल में स्थित ऑपरेशन थियेटर में ही अब अपेंडिक्स, हॉर्निया, पित्त की थैली आदि से संबंधित दूरबीन से होने वाले ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई है। यहां पर एनेस्थेटिस्ट विशेषज्ञ पहले से तैनात हैं।
दो रोज पहले ही प्रदेश सरकार की ओर से आयुष्मान भारत व चिरायु हरियाणा योजना के तहत 11 प्रकार की बीमारियों का उपचार निजी के बजाय सरकारी अस्पतालों से करवाने का आदेश जारी किया गया है। इनमें घुटना ट्रांसप्लांट, कूल्हा ट्रांसप्लांट, कान के पर्दे का इलाज, हॉर्निया का ऑपरेशन, अपेंडिक्स का ऑपरेशन, गला या जीभ की गांठ का इलाज, बवासीर, टॉन्सिल आदि शामिल हैं। ऐसे में इन बीमारियों से ग्रस्त कार्डधारक मरीजों को उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों पर ही निर्भर रहना होगा।
वहीं, दादरी के नागरिक अस्पताल में हड्डियों से संबंधित सभी प्रकार के ऑपरेशन पहले से ही हो रहे हैं। वहीं, आंख, नाक व गला ईएनटी रोग विशेषज्ञ भी यहां तैनात हैं। अब सामान्य सर्जन की तैनाती होने के बाद यहां दूरबीन से होने वाले अपेंडिक्स, हॉर्निया आदि के ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू हो गई है। इससे जिले के मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
वर्सन :
दादरी के नागरिक अस्पताल में सामान्य सर्जन के तौर पर डाॅ. सुमित चाहर ने कार्यभार संभाल लिया है। ऑपरेशन के लिए दूरबीन सहित आवश्यक उपकरण यहां पहले से ही उपलब्ध हैं। ऐसे में जिले के मरीजों को सामान्य बीमारियों के ऑपरेशन के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
- डॉ. नरेश कुमार, सिविल सर्जन, दादरी।
-