चरखी दादरी। शहर के प्रमुख चौकों को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से विभिन्न विकास कार्यों की योजना तैयार की गई है।
विभागीय दस्तावेज में रावलधी बाईपास चौक, समसपुर टी-पॉइंट चौक, महेंद्रगढ़ चौक, लोहारू रोड, आंबेडकर चौक, घिकाड़ा बाईपास चौक, लाला लाजपत राय चौक और भिवानी-रावलधी बाईपास चौक सहित कई स्थानों पर प्रस्तावित कार्यों के लिए एस्टीमेट बना मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा गया है। इन कार्यों में कला संरचनाओं के साथ-साथ बाहरी प्रकाश व्यवस्था, बागवानी और अन्य कार्य शामिल किए गए हैं।
नगर परिषद से मिली जानकारी अनुसार शहर के चौक-चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से 2.48 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद शहर के चौक-चौराहों की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ शहर में आने वाले लोगों के लिए आकर्षक का केंद्र रहेंगे।
नगर परिषद की ओर से बनाई गई योजना अनुसार इन परियोजनाओं पर लगभग 2.48 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। नगर परिषद चेयरमैन बक्सी सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से नई अनाज मंडी में आयोजित रैली में नए चौक व चौराहों के निर्माण व सुंदरीकरण के लिए घोषणा की गई थी जिसके चलते नगर परिषद ने संबंधित चौक-चौराहों का निरीक्षण कर एस्टीमेट बनवाया गया था।
रावलधी चौक पर खर्च होगी 25.68 लाख की राशि
नगर परिषद की ओर से तैयार किए गए एस्टीमेट अनुसार रावलधी बाईपास चौक के लिए कला कार्य पर करीब 25.68 लाख रुपये, बाहरी प्रकाश व्यवस्था पर करीब 1.52 लाख रुपये, निर्माण संबंधी कार्य पर करीब 4.92 लाख रुपये और बागवानी कार्य पर करीब 44 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इस चौक के लिए मुख्य रूप से कुल करीब 32.58 लाख राशि रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं समसपुर टी-पॉइंट चौक के सुंदरीकरण पर करीब 20.41 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें कला कार्य के लिए करीब 17.17 लाख रुपये, बाहरी प्रकाश व्यवस्था के लिए 1.54 लाख रुपये, बागवानी के लिए करीब 32 हजार रुपये और सिविल कार्य के लिए करीब 1.37 लाख रुपये शामिल हैं।
महेंद्रगढ़ चौक के विकास के लिए खर्च होंगे 13.67 लाख रुपये
महेंद्रगढ़ चौक के विकास कार्यों के लिए करीब 13.67 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें कला कार्य पर करीब 8.37 लाख रुपये, बाहरी प्रकाश व्यवस्था पर 1.52 लाख रुपये, बागवानी पर 40 हजार रुपये और सिविल कार्य पर करीब 3.38 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं।
लोहारू चौक की बदलेगी सूरत
यहां चौक के विकास और सुंदरीकरण पर करीब 47.42 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इसमें कला कार्य के लिए करीब 34.75 लाख रुपये, बाहरी प्रकाश व्यवस्था के लिए 3.16 लाख रुपये, बागवानी के लिए करीब 87 हजार रुपये व सिविल कार्य के लिए करीब 8.65 लाख रुपये शामिल हैं।
आंबेडकर चौक पर खर्च किए जाएंगे 9.32 लाख रुपये
पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक के लिए नगर परिषद ने करीब 9.32 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इसमें कला कार्य, बाहरी प्रकाश व्यवस्था, बागवानी और विकास कार्य किए जाएंगे।
भिवानी-रावलधी बाईपास चौक निर्माण व सुंदरीकरण खर्च होंगे 42.43 लाख रुपये
नगर परिषद की ओर से बनाए गए एस्टीमेट अनुसार भिवानी-रावलधी बाईपास चौक निर्माण व विकास कार्य के लिए भी बड़े स्तर पर कार्य प्रस्तावित हैं। उपलब्ध आंकड़ों में कला कार्य के लिए करीब 42.43 लाख रुपये, बाहरी प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 1.56 लाख रुपये और बागवानी कार्य के लिए करीब 37 हजार रुपये की राशि दिखाई गई है।
कला कार्य के साथ बदलेगा चौकों का स्वरूप
प्रस्तावित योजना में केवल सड़क या विकास निर्माण तक सीमित काम नहीं किए जाएंगे, बल्कि चौकों को आकर्षक बनाने के लिए आर्ट वर्क, आधुनिक लाइटिंग और बागवानी पर भी जोर दिया गया है। इससे प्रमुख प्रवेश मार्गों और चौराहों का स्वरूप बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं विकास कार्यों के माध्यम से आवश्यक संरचनात्मक एवं आधारभूत सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
वर्जन:
नगर परिषद की ओर से शहर के सात चौक-चौराहों के सुंदरीकरण के अलावा नवीनीकरण का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यमंत्री के पास भेजा गया है। बजट मंजूर होने के बाद परियोजनाओं पर कार्य शुरू करवाया जाएगा।
बक्शीराम सैनी, चेयरमैन नगर परिषद