चरखी दादरी। शहर के तिकोना पार्क मार्केट में इन दिनों दुकानदारों और यहां आने वाले लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट की जर्जर सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे, लेवल से ऊंचे सीवर मैनहोल और बदहाल सार्वजनिक शौचालय लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इनका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। सड़क की खराब हालत के कारण जहां वाहन चालकों को परेशानी होती है, वहीं धूल के गुबार से दुकानदारों का दुकानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है।
शहर की तिकोना पार्क के पास बनी मार्केट की सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों के कारण दुपहिया वाहन चालकों के गिरकर घायल होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा सड़क के बीच में कई स्थानों पर सीवर के मैनहोल सड़क के लेवल से काफी ऊंचे हैं।
इनसे बचकर निकलने के प्रयास में वाहन चालक असंतुलित हो जाते हैं। वहीं सार्वजनिक शौचालय से सीवर लाइन तक बिछी लाइन लीकेज होने से यूरिन सड़क के बीच फैला रहता है। जिससे दुर्गंध का माहौल बना रहता है। दुकानदारों ने नगर परिषद से सड़क की मरम्मत करवाने और सीवर मैनहोल को सड़क के लेवल में करने की मांग की है। ताकि स्थानीय लोगों को राहत की सांस मिल सके। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि तिकोना पार्क मार्केट की सड़क की स्थिति का निरीक्षण करवाकर गड्ढों को भरवाया जाए, सीवर मैनहोल को सड़क के लेवल पर लाया जाए तथा सार्वजनिक शौचालय की टूटी पाइप लाइन को दुरुस्त करवाया जाए। दुकानदारों का कहना है कि इन समस्याओं का समाधान होने से बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
कोट:
तिकोना पार्क मार्केट स्थित सार्वजनिक शौचालय की हालत पिछले लंबे समय से दयनीय बनी हुई है। शौचालय से सीवर लाइन तक बिछाई गई पाइप लाइन टूट चुकी है। इसके कारण शौचालय से निकलने वाला यूरिन सीवर लाइन में जाने के बजाय बाहर निकलकर सड़क के बीच फैल जाता है। इससे यहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है और आसपास का वातावरण भी खराब हो रहा है।
-कैलाश जांगड़ा, स्थानीय दुकानदार
सड़क के बीच बने गहरे-गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। दुपहिया वाहन चालक कई बार इन गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं अन्य वाहन चालकों को भी इनसे बचकर निकलना पड़ता है जिससे वाहनों को नुकसान होने की आशंका बनी रहती है।रूपराम, दुकानदार
जर्जर सड़क के कारण दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क से उठने वाली धूल सीधे दुकानों के अंदर पहुंचती है। इससे दुकानों में बैठकर काम करना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से धूल सांसों के जरिये अंदर जाने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की जल्द मरम्मत होने से ही इस समस्या से राहत मिल सकती है।-सत्यनारायण, दुकानदार
तिकोना पार्क मार्केट में सड़क के बीच बिना लेवल के बने ऊंचे सीवर मैनहोल भी हादसों का सबब बने हुए हैं। मार्केट और इसके आसपास करीब एक दर्जन शिक्षण संस्थान हैं। ऐसे में रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी साइकिल और स्कूटी से यहां से गुजरते हैं। सड़क से ऊंचे मैनहोल के कारण कई बार विद्यार्थियों के वाहन उनसे टकराकर असंतुलित हो जाते हैं। दुकानदारों के अनुसार कई विद्यार्थी यहां गिरकर घायल भी हो चुके हैं।पवन सोनी, होटल संचालक
वर्सन:
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर नई पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सड़क को खोदा गया था। इसके चलते इसकी हालात समय से पहले ही बिगड़ गई है। जल्दी ही संबंधित सड़क का निर्माण व अन्य सुविधाओं के लिए आगामी हाउस बैठक में शामिल किया जाएगा। - बक्शीराम सैनी, चेयरमैन नगर परिषद