फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: कचरे से अटा शहर, सफाई व्यवस्था फेल

Wed, 06 May 2026 01:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी के पुराना डाकघर के समीप लगा कचरे का ढेर।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। पिछले पांच दिनों से लंबित मांगों के लिए धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने अब सात मई तक हड़ताल बढ़ा दी है। लगातार पांच दिनों से सफाई न होने से शहर में सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। शहर में जगह-जगह पर कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं। हालांकि निजी एजेंसी की ओर से डोर टू डोर कचरे का उठान जरूर किया जा रहा है लेकिन शहर के अनेक क्षेत्रों में दूर तक कचरा फैला हुआ नजर आ रहा है। यह कचरा तेज हवा के साथ उड़ कर दुकानों व घरों के अंदर तक पहुंच रहा है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा, उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन

शहर में नगर परिषद के तहत 196 सफाई कर्मचारी तैनात हैं और शहर से हर रोज करीब 35 टन कचरा निकलता है। एजेंसी द्वारा घरों से डोर टू डोर कचरे का उठान जरूर किया जा रहा है लेकिन शहर के बाजारों व गलियों में सफाई न होने के कारण प्रतिदिन लगभग 16 टन कचरा सड़कों पर फैल रहा है। जो शहर की सुंदरता पर ग्रहण लगा रहा है।
सफाई कर्मचारी लंबे समय से लंबित चली आ रही मांगों को मनवाने के लिए गत एक मई से हड़ताल पर हैं। कर्मचारी स्थानीय नगर परिषद परिसर में धरना दे रहे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण गलियों, बाजारों में काफी मात्रा में कचरा फैला हुआ है, जो हवा के झोंकों के साथ दुकानों, घरों में जा रहा है जिससे लोगों में भी रोष का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन


इन मांगों के लिए धरने पर बैठे हैं सफाई कर्मचारी
नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन प्रधान सूरज कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी 22 सूत्रीय मांगों के लिए कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपा है लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद उनकी मांगें नहीं मानी गई हैं जिनमें मुख्य रूप से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 30,000 व समान काम समान वेतन देने, पुरानी पेंशन बहाल करने, अग्निशमन कर्मचारियों को बलिदानी का दर्जा व उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा व नौकरी देने, क्षेत्रफल व आबादी अनुसार नए पद और नियमित भर्ती करना आदि शामिल हैं।

इतने सफाई कर्मचारी शामिल हैं हड़ताल में
शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर परिषद के तहत 106 कर्मचारी दैनिक वेतन, एक सफाई दरोगा, 41 एचकेआरएन, सात चालक व 41 स्थाई कर्मचारी तैनात हैं लेकिन मांगों के लिए सभी 196 कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं जिससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।
नालों में फंसने लगा कचरा, दूषित पानी हो रहा ओवरफ्लो
दादरी के पुराना डाकघर के समीप के अलावा कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां से पिछले पांच दिनों से कचरे का उठान नहीं हो सका है। हालात ये बने हैं कि कचरा अब साथ लगते नालों में जाने लगा है। जिससे नाले जाम हो रहे हैं और दूषित पानी सड़कों पर आ गया है जिसके चलते आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल भी बना हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें