चरखी दादरी। शहर की विद्या विहार, शंकर कॉलोनी के कलेक्टर रेट को सही करवाने के लिए रविवार को लोगों ने मुख्यमंत्री से बातचीत कर और ज्ञापन सौंपकर संज्ञान लेने का आग्रह किया। जनमंडल की अगुवाई नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने की।
उन्होंने ज्ञापन में बताया कि दोनों कॉलोनियों के कलेक्टर रेट में 80 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। इसमें कलेक्टर रेट को 11,000 रुपये प्रति वर्ग गज से बढ़ाकर 35,000 रुपये प्रति वर्ग गज किया गया है। वह रेट कम करवाने के लिए प्रशासन से कई बार अनुरोध कर चुके हैं। उन्हाेंने कलेक्टर रेट 18,000 रुपये प्रति वर्ग गज करने की मांग की। साथ ही वंचित जन जागृति ट्रस्ट प्रतिनिधिमंडल ट्रस्ट के संस्थापक बिशन सिंह आर्य, अध्यक्ष मास्टर लीलाराम विसलवास ने वंचित समाज की समस्याओं को लेकर सीएम सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वंचित समाज को परिवार पहचानपत्र, पीले व गुलाबी कार्ड का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सीएम नायब सैनी ने उन्हें शीघ्र ही इस बारे में समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान बाबूलाल, वीरेंद्र गामड़ी, आशू सैनी, बबली मौड़ी, प्रधान पवन कुमार, ब्लॉक प्रधान दयानंद झोझू, ब्लॉक प्रधान भीम सिंह छपार, सतबीर छपार, गुणपाल आदि मौजूद रहे।