टाइल फैक्टरी में जांच के लिए पहुंची संयुक्त टीम
बौंदकलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने शुक्रवार को सौंप गांव स्थित इंटरलॉक टाइल फैक्टरी में दबिश दी। इस दौरान मौके पर रोडी/डस्ट का स्टॉक तो मिला, लेकिन संचालक इसका ई-रवाना या अन्य दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। खनन विभाग की ओर से इस पर संज्ञान लेकर नोटिस जारी किया गया। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें कि इस कार्रवाई के लिए शुक्रवार को एसआई अनूप सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता दादरी पहुंचा। यहां से खनन निरीक्षक कोमल सिंह और गुप्तचर विभाग की टीम को साथ लेकर सौंप स्थित नवीन इंटरलॉक टाइल फैक्टरी में दबिश दी गई। मौके पर फैक्ट्री संचालक नवीन का भाई राहुल हाजिर मिला। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में रोडी/डस्ट का लगभग 150 एमटी स्टाॅक पाया गया। खनन विभाग द्वारा स्टाॅक का ई-रवाना मांगने पर राहुल ई-रवाना या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका जिस पर खनन विभाग की ओर से नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।