चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता जिले में पूरे एक्शन मोड़ में है और अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है। वीरवार को दिन में चिड़िया रोड पर स्थित एक तेल मिल पर अवैध रूप से लाई गई सरसों पकड़ने की कार्रवाई के बाद देर शाम होटलों और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की गई। टीम ने पांच ओवरलोड डंपर पकड़े और आरटीए विभाग ने इनका 4,48,500 रुपये का चालान किया।
वीरवार देर शाम से लेकर देर रात तक मुख्यमंत्री उड़नदस्ता चार घंटे तक सक्रिय रहा और इसके चलते ओवरलोड माफिया व होटल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। वीरवार शाम करीब सात बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने शाम 7 बजे पहले एक होटल पर दबिश दी। इस होटल पर बिना अनुमति के शराब पिलाने की सूचना टीम के पास पहुंची थी। सूचना के आधार पर टीम भिवानी रोड स्थित महफिल होटल पर पहुंची। यहां होटल का मालिक हाजिर मिला। इसके बाद टीम ने जब होटल की जांच की तो वहां दो युवक शराब पीते मिले। इसके बाद होटल मालिक से होटल में शराब पिलाने संबंधी परमिट मांगा गया तो वो पेश नहीं कर पाया। इसके बाद टीम ने होटल मालिक और वहां शराब पी रहे दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। रात आठ बजे टीम यहां से कार्रवाई पूरी कर लौट गई।
इसके बाद 8:15 पर आरटीए विभाग की टीम को साथ लेकर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और गुप्तचर विभाग ने ओवरलोड वाहनों की जांच शुरू की। टीम ने आदमपुर डाढ़ी-चिड़िया रोड पर पहुंचकर इस रास्ते से गुजरने वाले ओवरलोड डंपरों को रुकवाया। इस दौरान यहां पांच ओवरलोड डंपर पकड़े गए। इनमें निर्धारित मात्रा से काफी अधिक भवन निर्माण सामग्री भरी मिली। इसके बाद आरटीए विभाग ने इन पर 4.48 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया।
- वीरवार दिन में की थी ये कार्रवाई
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार सुबह 11 से दोपहर 3:40 तक भी चिड़िया रोड पर कार्रवाई की थी। टीम ने वहां स्थित ओपी कॉटन मिल पर पहुंचकर अवैध रूप से पिकअप में लाई गई 25 क्विंटल सरसों पकड़ी थी। आरटीए विभाग ने पिकअप का चालान किया था तो वहीं मार्केट कमेटी अधिकारियों ने मार्केट फीस और जीएसटी टीम ने जीएसटी का भुगतान करवाया था। इसके कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने आरटीए विभाग के साथ स्क्रैप ले जा रही ओवरलोड पिकअप और रेत ले जा रहे ओवरलोड ट्रैक्टर को पकड़ा था।
- एक दिन की कार्रवाई में किया 5.57 लाख जुर्माना
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार को साढ़े आठ घंटे तक कार्रवाई की। दिन के समय की गई कार्रवाई में कुल 1.09 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया था जबकि शाम और रात की कार्रवाई में 4.48 लाख का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार टीम ने एक दिन में नियमों को ताक पर रखने वालों पर करीब 5.57 लाख का जुर्माना किया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में वीरवार रात ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की गई। आदमपुर डाढ़ी-चिड़िया रोड पर 5 ओवरलोड वाहन पकड़े गए और उन पर करीब साढ़े चार लाख रुपये का जुर्माना किया गया। वीरवार दोपहर को भी दो ओवरलोड वाहन जुर्माना न भरने पर जब्त किए गए थे।
-राजेश कुमार, टीएसआई, आरटीए विभाग