सीने में दर्द उठने के बाद रेलवे सुरक्षा बल के जवान ने तोड़ा दम
झोझूकलां थाना पुलिस ने चंदेनी निवासी मृतक जवान का सिविल अस्पताल में करवाया पोस्टमार्टम
चरखी दादरी। चंदेनी निवासी रेलवे सुरक्षा बल के जवान की बुधवार देर शाम सीने में दर्द उठने के बाद मौत हो गई। झोझूकलां थाना पुलिस ने वीरवार सुबह मृतक जवान का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
पुलिस को दिए बयान में चंदेनी निवासी पूनम ने बताया कि उसकी पति विकास (31) रेलवे सुरक्षा बल में तैनात थे। उनकी तैनाती जालंधर में थी। पूनम ने बताया कि उसका पति तीन दिन पहले ही आठ दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। बुधवार देर रात अचानक उनके सीने में दर्द उठा तो परिजन उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मामले की सूचना मिलते ही झोझूकलां थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। वीरवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्यवाही पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक 2014 में रेलवे सुरक्षा बल में भर्ती हुआ था। मृतक के एक पांच साल की बेटी है।