चरखी दादरी। जिला परिषद और पंचायत समिति के 432 उम्मीदवारों का भविष्य बुधवार को मतदान के बाद ईवीएम में कैद हो गया। जिले के 439 बूथों पर तय समय अवधि तक 70.5 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के 3,43,249 मतदाताओं में से 2,42,069 ने अपने मताधिकारी का प्रयोग किया। देर शाम कड़े सुरक्षा इंतजाम के साथ ईवीएम चारों खंडों के स्ट्रांग रूम में रखवाई गईं।
सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान हुआ और इसमें 1700 पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। इनके अलावा 1800 कर्मचारियों ने भी मतदान संपन्न कराने में सहयोग किया। सुरक्षा के मद्देनजर मतदान के लिए भिवानी, झज्जर और फरीदाबाद से अतिरिक्त फोर्स मंगाई गई। राहत भरी बात यह रही कि किसी भी मतदान केंद्र पर कोई हिंसा नहीं हुई और अलग-अलग कारणों से मतदान रोकने वाले ग्रामीणों को प्रशासन समझाने में कामयाब रहा।
439 पोलिंग पार्टियां देर शाम ईवीएम लेकर पहुंची
शाम छह बजे मतदान खत्म होने के बाद सभी 439 पोलिंग पार्टियां पुलिस सुरक्षा में ईवीएम लेकर देर शाम मतगणना केंद्रों पर पहुंची। बाढड़ा, झोझूकलां, दादरी और बौंदकलां खंड की पोलिंग पार्टियों ने जनता कॉलेज, एपीजे कॉलेज, परसरा हेतराम स्कूल और जेडीकेडीई स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करवा दीं। एसपी दीपक गहलावत ने बताया कि चारों स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रावलधी में एक घंटे तक बाधित रहा मतदान
शहर के समीप लगते गांव रावलधी के मतदान बूथ नंबर 4 पर ईवीएम में दोपहर के समय गड़बड़ी आ गई। इसके चलते यहां ईवीएम बदलनी पड़ी। इस बूथ पर पहुंचे मतदाताओं को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा और इसके बाद ही वो अपने मत का प्रयोग कर पाए।
जानिये...बुधवार को हुए मतदान से संबंधित ब्योरा
ग्राम पंचायतें-165
ब्लॉक- 4
जिला परिषद वार्ड-11
मतदाता- 3.43 लाख
पोलिंग बूथ-439
पुलिस फोर्स-1700
अधिकारी कर्मचारी-1756
पोलिंग पार्टियां-525
सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चारों ब्लॉक में यूं हुआ मतदान
------------------------
खंड का नाम- कुल मतदाता- वोट डले- प्रतिशत
बाढड़ा-76733- 56849-74.1
बौंदकलां- 69989- 47139-67.4
दादरी-105943-73929-69.8
झोझूकलां- 90584- 64152- 70.8
-----------------
जिले में पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुए। करीब 70.5 प्रतिशत मतदान चारों ब्लॉक में हुआ है। सर्वाधिक मतदान बाढड़ा ब्लॉक में हुआ।
-प्रीति, जिला उपायुक्त, चरखी दादरी
---
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पुलिस बल हमने तैनात कर दिया है। वहां जिन पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे दिए है।
-दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी