क्राइम फॉलोअप: -
दादरी स्पेशल स्टाफ ने तस्कर को एनएच 152-डी ओवरब्रिज के नीचे से किया था काबू
रिमांड अवधि के दौरान प्रारंभिक पूछताछ में किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रोहतक के भराण गांव निवासी मादक पदार्थ तस्कर गोपाल चरस पंजाब के खरड़ से खरीद कर लाया था। रिमांड अवधि के दौरान प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने यह खुलासा किया। उसने बताया कि चरस को बेचकर वह दोगुना मुनाफा कमाना चाहता था, लेकिन, उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मंगलवार शाम दादरी स्पेशल स्टाफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहतक जिले के भराण गांव निवासी गोपाल मादक पदार्थ बेचता है। इस समय वह दादरी के एनएच 152-डी ओवरब्रिज के नीचे खड़ा है। उसके हाथ में एक थैला भी है। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ टीम ने बताई गई जगह पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां खड़े एक शख्स ने भागने का प्रयास किया, लेकिन, उसे दबोच लिया गया।
संदेह के आधार पर राजपत्रित अधिकारी के तौर पर कुश्ती कोच विकास सांगवान को मौके पर बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में गोपाल की तलाशी ली गई। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपी से 2 किलो 300 ग्राम चरस, 2740 रुपये, एक मोबाइल और डायरी बरामद हुई।
उसके खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया गया और कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान तस्करी के तार पंजाब से जुड़े मिले। वहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी से बरामद चरस की बाजार में कीमत में दो लाख रुपये से अधिक है।