चरखी दादरी। जिले में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी के कारण खांसी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सरकारी अस्पताल में ओपीडी का आंकड़ा 1200 के पार पहुंच गया है। चिकित्सकों के अनुसार पिछले दिनों की तुलना में खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 के पार पहुंचने से भी सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
दिन-रात के तापमान में अंतर से बढ़ रही परेशानी
मौसम में लगातार बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में काफी अंतर बना हुआ है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है जबकि रात का न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। दोनों के तापमान में लगभग 14 डिग्री का अंतर होने से सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होती है जबकि दोपहर में गर्मी रहती है। ऐसे में लोग मौसम के अनुसार कपड़े नहीं पहन पाते और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं की चपेट में आ जाते हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत
चिकित्सकों के अनुसार मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खांसी, जुकाम, गले में खराश, बुखार और शरीर में दर्द जैसी शिकायत होने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। वायरल संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। साथ ही, बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयां लेने से बचना चाहिए।
एक्यूआई 151 के पार
जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 के पार पहुंच गया है। वायु प्रदूषण और बदलते मौसम का असर सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर अधिक पड़ सकता है। ऐसे लोगों को धूल-धुएं के संपर्क में आने से बचना चाहिए। सुबह-शाम बाहर निकलते समय मौसम का ध्यान रखें और परेशानी बढ़ने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
बचाव के लिए अपनाएं ये सावधानियां
चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम में पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। ठंडे और गर्म वातावरण में अचानक बदलाव से बचना चाहिए। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें तथा हाथों की नियमित सफाई करें। बुखार या संक्रमण के लक्षण लंबे समय तक बने रहने पर जांच करवाएं। सावधानी बरतकर मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
वर्सन:
बदलते हुए माैसम से लोग बीमार पड़ रहे हैं ऐसे में लोगों को विशेष सावधानियां रखने की जरूरत है। ज्यादा दिक्कत होते ही तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। - डॉ. राहुल अरोड़ा, प्रवक्ता, स्वास्थ्य विभाग।