नएच 152डी पर क्षतिग्रस्त हुई कार।
चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 152डी पर रानीला के पास बुधवार सुबह किसी वाहन ने वरना कार को टक्कर मार दी। कार में जीरकपुर निवासी आशी (18) व उसकी मां रंजना (42) पार्टी में शामिल होने के लिए पुष्कर जा रही थीं। हादसे में दोनों मां-बेटी घायल हो गईं, जबकि चंडीगढ़ निवासी कार चालक रणजीत (37) की मौत हो गई। रणजीत की पत्नी के बयान पर अचीना चौकी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आशी के पिता पुष्कर स्थित एक होटल में जीएम हैं। बुधवार रात को वहां पर कोई कार्यक्रम आयोजित होना था और इसमें शरीक होने के लिए आशी और उसकी मां रंजना बुधवार सुबह चार बजे जीरकपुर से कार में सवार हुई। वहीं, कार चालक रणजीत उनको लेकर पुष्कर के लिए रवाना हुए। जब कार रानीला में पहुंची तो एनएच 152डी पर किसी वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चोट लगने के बाद राहगीरों ने तीनों को दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद रंजना व आशी को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जबकि कार चालक रणजीत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रंजना की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि आशी को उपचार के छुट्टी दे दी गई।
अचीना पुलिस चौकी के एसआई व मामले के जांच अधिकारी हरेंद्र ने बताया कि सूचना के अनुसार घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मृतक रणजीत की पत्नी के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे में कुत्ते को नहीं आई कोई खरोंच
हादसे के वक्त आशी का पालतु कुत्ता भी उनके साथ कार में था। हादसे के समय रंजना चालक के पास बैठी थी जबकि आशी कुत्ते को लेकर पीछे बैठी थी। हादसे में तीन लोगों को चोटें लगीं, लेकिन कुत्ते को खरोंच तक नहीं आई। घायलों के साथ कुत्ते को भी नागरिक अस्पताल लाया गया और पूरे दिन आशी के इंतजार में अस्पताल में बैठा रहा। शाम को आशी दादरी आई और कुत्ते को साथ लेकर गई।
दो बच्चों का पिता था रणजीत
जानकारी के अनुसार मृतक रणजीत मूल से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का निवासी था फिलहाल वह पत्नी व दो बच्चों के साथ चंडीगढ़ में रह रहा था। उसकी पत्नी रागनी गृहिणी है और एक 8 साल का बेटा और एक 6 साल की बेटी है। बुधवार सायं रागनी दादरी पहुंची और उनके बयान पर पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब मृतक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव आजमगढ़ में किया जाएगा।