फॉलोअप:
- 19 जनवरी की सुबह हुआ था हादसा, 22 जनवरी को दादरी शहर थाना पुलिस ने आरोपी को किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के मामा और नानी की स्कूटी को टक्कर मारने के आरोपी चालक को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। पिचोपा कलां निवासी आरोपी विजय को कोर्ट से जमानत मिल गई। दूसरी ओर हादसे में परिजनों के हत्या का संदेह जताने से मामले में नया मोड़ आया हुआ है। दादरी एसआईटी इसकी जांच में जुटी है।
19 जनवरी को रोडवेज में तैनात मनु भाकर के मामा युद्धवीर अपनी मां सावित्री देवी को स्कूटी पर बैठाकर घर से बस स्टैंड की तरफ आ रहे थे। जब वे महेंद्रगढ़ व लोहारू चौक के बीच पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और नागरिक अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे के बाद कार भी पलट गई थी। उसमें सवार चालक भाग निकला था। इस मामले में मनु भाकर ने भी दादरी एसपी अर्श वर्मा से फोन पर बातचीत की थी। वहीं, बुधवार को पुलिस ने आरोपी चालक विजय को काबू कर कोर्ट में पेश किया और वहां से उसे जमानत मिल गई।