चरखी दादरी। अटेला कलां चौकी पुलिस ने पिचोपाखुर्द-कुब्जानगर रोड से कार सवार चरस तस्कर सोनीपत जिले के गांव तिहाड़ा खुर्द निवासी दलबीर को काबू किया है। उसके कब्जे से 484 ग्राम चरस बरामद हुआ। बाढड़ा थाने में उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वीरवार को अटेला चौकी पुलिस टीम एएसआई अमित की अगुवाई में निहालगढ़ गांव में मौजूद थी। उसी दौरान सूचना मिली कि सोनीपत के तिहाड़ा खुर्द निवासी दलबीर मादक पदार्थ तस्कर है। वह चरस बेचने के लिए कार में सवार होकर पिचौपा खुर्द के रास्ते गांव कुब्जानगर आएगा।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिचौपाखुर्द-कुब्जानगर रोड पर नाकेबंदी कर दी। कुछ समय बाद गांव पिचौपाखुर्द की ओर से आई कार को रुकवाकर चालक से पूछताछ की गई तो उसने अपनी पहचान तिहाड़ा खुर्द निवासी दलबीर के रूप में बताई।
उसके पास मादक पदार्थ होने का शक होने पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में पशु चिकित्सक डॉ. महा सिंह को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर दलबीर के कुर्ते की जेब से एक पॉलीथिन बरामद हुई, जिससे चरस बरामद हुआ।
इसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया और बरामद चरस व कार को पुलिस चौकी ले आई। वहां आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। न्यायालय ने पूछताछ के लिए आरोपी का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।