चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 152डी पर गांव समसपुर टोल प्लाजा के समीप सड़क पर खड़ी क्रेन के साथ टकराने से घायल हुए कैंटर चालक की रोहतक के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव गोठड़ा निवासी हेमंत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता सुखबीर सिंह रोहतक पीजीआई से चालक पद से सेवानिवृत्त होकर आयशर कैंटर चलाते थे। गत पांच फरवरी को उसके पिता दोपहर के समय कैंटर में सामान खाली कर वापस घर आ रहे थे। इस दौरान जब वे एनएच 152डी पर समसपुर टोल के समीप पहुंचे तो एक क्रेन चालक अपने वाहन से सड़क को अवरोध किए हुए खड़ा था। इसके कारण उनकी कैंटर क्रेन से टकरा गई और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
दादरी के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसके पिता को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन वे उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए। शनिवार देर रात निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसके पिता की मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर दादरी सदर थाना पुलिस भी अस्पताल में पहुंची।
एएसआई मंजीत ने बताया कि मृतक के बेटे हेमंत के बयान के आधार पर क्रेन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।