विरोध जताते हुए ईंट भट्ठा ट्रैक्टर यूनियन के पदाधिकारी।
- फोटो : 1
बौंद कलां। गांव सांवड़, सांजरवास, हिंडोल एवं बौंद कलां के ईंट-भट्ठा ट्रैक्टर यूनियन ने मजदूरी बढ़ाने की मांग के लिए वीरवार से हड़ताल शुरू कर दी है। यूनियन से जुड़े ट्रैक्टर मालिकों ने गांव सांवड़ में एकत्रित होकर विरोध जताया और कार्य बंद कर दिया।
यूनियन के प्रधान जोगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में ट्रैक्टर चालकों को 650 रुपये मजदूरी दी जा रही है जो बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। उन्होंने बताया कि यूनियन की ओर से मजदूरी बढ़ाकर 950 रुपये प्रतिदिन करने की मांग रखी गई है। इस संबंध में यूनियन के प्रतिनिधि ठेकेदार से भी मिले थे। उन्होंने मांगों पर विचार करने के लिए तीन दिन का समय लिया था लेकिन निर्धारित समय पूरा होने के बावजूद सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया।
जोगेंद्र सिंह ने कहा कि जब तक मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं की जाती तब तक सभी ट्रैक्टर मालिक काम बंद रखेंगे। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर राहुल शर्मा, विजेन्द्र, राजे, सोनू, गुल्लू, उदय, जोगेंद्र, विक्रम आदि सहित अन्य भी मौजूद रहे।