चरखी दादरी। क्षेत्र के मुक्केबाज लगातार अपने प्रदर्शन से जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में रूपाणा बॉक्सिंग क्लब की वंशिका अहलावत ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है।
इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राष्ट्रीय स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। क्लब संचालक नंबरदार रघुबीर लाडावास और मुख्य कोच कैलाश गिल ने यह जानकारी दी।
मुख्य कोच कैलाश गिल ने बताया कि हाल ही में कैथल में 59वीं हरियाणा राज्य स्कूली खेल प्रतियोगिता हुई थी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया। रूपाणा बॉक्सिंग क्लब की महिला मुक्केबाज वंशिका अहलावत ने 75 से 80 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी चुनौती पेश की।
वंशिका का प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन : वंशिका ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को हराया। फाइनल मुकाबले में भी वंशिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।