चरखी-दादरी के गांव अटेला नया निवासी एक 30 वर्षीय युवक का शव गांव से करीब करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर नहर में मिला है। मृतक सुनील दो दिन पहले सब्जी लेने के लिए गया था और इसके बाद से वह लापता था। अब अटेला चौकी पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई परमजीत के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
फुफेरा भाई सोमबीर ने बताया कि सुनील अपने परिजनों की इकलौती संतान था और वह विवाहित था। उनको एक पांच साल का बेटा भी है। सुनील के पिता रघबीर खेती करते हैं। सुनील अटेला क्रशर जोन में ही काम करता था। करीब एक माह से उनकी दिमाग हालत ठीक नहीं थी और परिजनों के पूछने पर भी सुनील ने कुछ नहीं बताया। वीरवार दोपहर डेढ़ बजे सुनील घर में बस अड्डे से सब्जी लाने की कहकर बाइक लेकर निकला था। इसके बाद वह शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की और सुनील के न मिलने पर अटेला पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
शुक्रवार रात को व्हाट्सएप ग्रुप्स में सुनील की बाइक वायरल हो रही थी। इसमें किसी ने लिखा था कि बाइक कादमा में नहर के पास दो दिन से लावारिस खड़ी है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और सुनील की तलाश की तो करीब 10 मीटर की दूरी पर सुनील नहर में पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल में भेज दिया। चिकित्सकों ने शव की जांच की और अधिक फूले होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अधिकारी के अनुसार
सूचना मिलने पर मौका मुआयना किया गया और नहर के पास लगे सीसीटीवी में भी मृतक की गतिविधि जांची गई। इसमें उसके स्वयं नहर में जाने की गतिविधि मिली है। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
-धर्मबीर सिंह, जांच अधिकारी, अटेला पुलिस चौकी।