संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। डोहका दीना निवासी व्यक्ति की बाइक चोरी करने के आरोपी को अटेला कलां चौकी पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी अनिल भिवानी जिले के बिचली जुई का रहने वाला है। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश किया और वहां से उसे जेल भेजने का आदेश हुआ।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 5 जून को डोहका दीना निवासी धर्मेंद्र ने अटेला कलां चौकी पुलिस को बाइक चोरी की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह बाइक लेकर डोहका दीना गांव में विजेंद्र के घर आया था। उसने विजेंद्र के प्लाॅट के सामने बाइक खड़ी कर दी। दोपहर करीब 02:30 बजे उसने वापस आकर देखा तो बाइक चोरी मिली। शिकायत पर संज्ञान लेकर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो एक युवक बाइक ले जाता नजर आया। उसकी पहचान बिचली जुई निवासी अनिल के रूप में हुई। हेड कांस्टेबल धर्मबीर सिंह की टीम ने अनिल को काबू कर लिया और पूछताछ में उसने बाइक चुराने की वारदात कबूल कर ली।