रविवार को बाढड़ा किसान भवन में आयोजित बैठक में तय की पदाधिकारियों की जिम्मेदारी, झोझूकलां खंड अध्यक्ष भी चुना
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। बाढड़ा किसान भवन में रविवार को भारतीय किसान यूनियन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सोमवार से उपायुक्त कार्यालय के समक्ष शुरू होने वाले बेमियादी धरने को लेकर जिम्मेदारी तय की गई जबकि सर्वसम्मति से झोझूकलां खंड की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।
बैठक में किसान नेता रणधीर सिंह को खंड अध्यक्ष व पुरुषोत्तम कुब्जानगर को महासचिव बनाया गया है। वहीं, कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों के मनोयन की जिम्मेदारी भी इन दोनों की रहेगी। भाकियू अध्यक्ष हरपाल भांडवा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं पर मंथन किया गया। बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने कृषि क्षेत्र की लंबित समस्याओं पर मंथन करते हुए जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह से क्षेत्र में बेमौसमी वर्षा ने किसानों की ग्वार, बाजरा व कपास को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। इससे उत्पादन में काफी गिरावट आएगी।
बैठक में ओमप्रकाश उमरवास, इंद्रजीत सिंह, होशियार सिंह, करतार, नितिन, धर्मपाल, हवा सिंह, पूर्व सरपंच गिरधारी, वेदप्रकाश, कमल सिंह व भूपसिंह दलाल आदि मौजूद रहे।
फोटो -37
बाढड़ा किसान भवन में आयोजित बैठक में मौजूद भाकियू पदाधिकारी। संवाद