रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते महाप्रबंधक अमिताभ व साथ में अन्य अधिकारी।
चरखी दादरी। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत दादरी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। योजना के तहत पुनर्निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। निर्माण कार्य की समीक्षा करने के लिए बुधवार को जयपुर जोन महाप्रबंधक अमिताभ ने रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 31 मार्च तक काम पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जोन महाप्रबंधक ने पार्किंगस्थल को बदलने व कंक्रीट की दीवार बनाने के आदेश भी दिए। इससे पहले रेलवे जोन महाप्रबंधक सुबह 10 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और लगभग एक घंटे तक यहां रुके। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य समेत जीआरपी चौकी, आरपीएफ चौकी, वेटिंग हॉल का जायजा लिया।
जोन प्रबंधक अमिताभ ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर फूड प्लाजा बनवाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए शौचालय निर्माण करने का भी आदेश दिया।
- जीआरपीएफ और आरपीएफ चौकी को अपग्रेड करने की रखी मांग
जीआरपी और आरपीएफ चौकी निरीक्षण के दौरान स्थानीय अधिकारियों ने महाप्रबंधक के सामने चौकी का दायरा बढ़ाने की मांग रखी गई। उन्होंने अधिकारियों से दोनों चौकियों को जल्दी अपग्रेड करवाने का आश्वासन दिया।
- 11 बजे स्पेशल ट्रेन से हुए रवाना
सुबह लगभग 11 बजे महाप्रबंधक अमिताभ अपनी स्पेशल ट्रेन से अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। दादरी रेलवे स्टेशन अधीक्षक अभिनंदन कुमार ने बताया कि महाप्रबंधक का दौरा काफी सकारात्मक रहा। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनेक कार्य करवाने के आदेश दिए हैं।