नाले की खुदाई करती जेसीबी और मौके पर मौजूद लोग।
- फोटो : CharkhiDadri
झोझूकलां। रुदड़ौल में नाला अवरुद्ध होने के चलते दूषित पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी। वीरवार को परेशान ग्रामीण लामबंद होकर बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे और गांव के ही कुछ लोगों पर पानी निकासी में अड़ंगा डालने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। इसके तुरंत बाद बीडीपीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अवरुद्ध किए गए नाले की जेसीबी से खुदाई करवाकर पानी निकासी की समस्या को दूर करवाया।
बीडीपीओ को दी शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बस अड्डे व चौक के पास करीब 50 घर बने हुए हैं। इन घरों के पानी की निकासी के लिए एक नाला बनाया हुआ है। गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर पत्थर मिट्टी डालकर नाले को बंद कर दिया, जिसके कारण बस अड्डे के आसपास के क्षेत्र के दूषित पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके चलते ग्रामीणों के साथ राहगीर भी परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से भरे पानी पर मच्छर पर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियां फैलने का अंदेशा भी है। उन्होंने बताया कि जब वे नाला अवरुद्ध करने वालों से बात करते हैं तो वो मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए बीडीपीओ गांव पहुंचे और नाले में डाली गई मिट्टी व पत्थरों को बाहर निकलवाकर पानी निकासी सुचारु करवाई।
भविष्य में ऐसा न करने की दी चेतावनी
ग्रामीण राजेंद्र, प्रमेलता, सुरेंद्र, दिलबाग, छोटूराम, ओमप्रकाश, रमेश और विवेक ने बताया कि पिछले कई दिनों से ग्रामीण समस्या का दंश झेल रहे थे। बीडीपीओ ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को समस्या से निजात दिलाई। बीडीपीओ ने मौके पर ही दूसरे पक्ष को भविष्य में नाला ब्लॉक न करने की चेतावनी दी।
फोटो 03
रुदड़ौल की गली में भरा दूषित पानी।
फोटो 04
नाले की खुदाई करती जेसीबी और मौके पर मौजूद लोग।