चरखी दादरी। बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के चलते सोमवार से जिले की बैंकिंग व्यवस्था पर असर पड़ने वाला है। सप्ताह में पांच दिन काम करने की मांग समेत विभिन्न मांगों के लिए बैंक कर्मचारी तीन दिन कामकाज बंद रखेंगे। इससे जिले में करीब 500 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकदी जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट, ऋण संबंधी कार्य समेत अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि एटीएम, यूपीआई और अन्य डिजिटल लेनदेन सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है।
राहत की बात यह है कि हड़ताल शुरू होने से ठीक पहले आज रविवार को अवकाश के बावजूद बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। ऐसे में बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि जिन लोगों के जरूरी बैंकिंग कार्य लंबित हैं वे रविवार को ही निपटा लें। खासकर नकदी जमा कराने, निकालने, चेक संबंधी कार्य और अन्य शाखा स्तर के जरूरी कामों के लिए ग्राहकों को हड़ताल से पहले बैंक पहुंचने को कहा गया है।
जिले की 80 शाखाओं पर पड़ेगा असर
दादरी जिले में विभिन्न बैंकों की करीब 80 शाखाएं संचालित हैं। इनमें लगभग 779 कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण सोमवार से बुधवार तक बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज ठप रहने की स्थिति बनेगी।
500 करोड़ रुपये के कारोबार पर संकट
बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार जिले में रोजाना करोड़ों रुपये का लेनदेन बैंक शाखाओं के माध्यम से होता है। तीन दिन तक शाखाएं बंद रहने से करीब 500 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। हालांकि डिजिटल माध्यम से होने वाले लेनदेन के चलते पूरी बैंकिंग व्यवस्था बंद नहीं होगी लेकिन शाखाओं पर निर्भर नकद और कागजी कामकाज प्रभावित रहेगा।
नकदी से जुड़े काम के लिए बढ़ सकती है परेशानी
हड़ताल के दौरान सबसे ज्यादा असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है जिन्हें बैंक शाखा से नकदी निकालने या जमा कराने, चेक संबंधी कार्य, बैंक ड्राफ्ट, केवाईसी और अन्य शाखा आधारित सेवाओं की जरूरत है। व्यापारियों के लिए भी नकदी लेनदेन और बैंकिंग दस्तावेजों से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं। वहीं वेतन, भुगतान और अन्य ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े लेनदेन में डिजिटल माध्यम विकल्प जारी रहेंगे।
वर्सन:
जिले के सभी बैंक रविवार को सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे तथा 28 से 30 सितंबर तक बैंक ने हड़ताल का ऐलान किया है। जिलेवासी रविवार को जरूरी लेन-देन पूरा कर लें। हड़ताल के दिन बैंक खुलवाने का प्रयास किया जाएगा।-विमलेश कुमार, एलडीएम, दादरी।