चरखी दादरी। सीआईए स्टाफ दादरी ने गांव मानकावास के पास पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव भागवी का रहने वाला दीपक उर्फ चीता है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि मानकावास निवासी सचिन ने थाना सदर दादरी में शिकायत दी थी कि 1 दिसंबर 2025 की शाम करीब साढ़े छह बजे वह घर से स्टेडियम जा रहा था। जलघर के पास कार सवार 6-7 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर दादरी में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में संवेदनशीलता को देखते हुए मामले की तफ्तीश सीआईए स्टाफ दादरी को सौंपी गई। पुलिस इस मामले में सचिन उर्फ शूटर, धौलिया और राजेश उर्फ भोलू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
शुक्रवार को सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई विशाल की टीम ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया। पूछताछ पूरी होने के बाद शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।