चरखी दादरी। अनाज मंडी में सोमवार को सरसों की आवक बढ़ी, लेकिन खरीद व उठान कार्य धीमा रहा। राहत की बात ये है कि एजेंसी ने सरसों बेचने वाले 1,800 किसानों के खातों में 23.5 करोड़ का भुगतान कर दिया है। मंडी में अब गेहूं की आवक भी शुरू हो गई। सोमवार को मंडी में गेहूं की दो बड़ी ढेरी नजर आई। सरसों का उठान धीमा होने और गेहूं की भी आवक शुरू होने से मंडी में जगह की कमी बनेगी।
खरीद एजेंसी की ओर सोमवार सुबह तक गोदाम में 38.5 करोड़ की सरसों पहुंचाई जा चुकी है। एजेंसी अधिकारियों की मानें तो बाकी बचे किसानों की भुगतान प्रक्रिया भी जल्द हो जाएगी। शुक्रवार और शनिवार को डीसी मनदीप कौर मंडी पहुंची थीं। उनकी मौजूदगी से खरीद और उठान प्रक्रिया तेज हुई थी, जबकि सोमवार को फिर से पहले जैसे हालात नजर आए। मंडी के बाहर तक करीब एक किलोमीटर लंबी ट्रैक्टरों की कतार लगी रही। किसानों को गेटपास कटवाने के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ा।
सोमवार शाम तक के आंकड़े देखें तो दादरी मंडी में 2.18 लाख क्विंटल सरसों की आवक हुई। इसमें से 1.80 लाख क्विंटल की खरीद की गई। इसी प्रकार बाढड़ा मंडी में 84,500 क्विंटल की आवक हुई, जबकि 44,000 क्विंटल की खरीद की गई। झोझूकलां केंद्र पर 31,500 क्विंटल सरसों पहुंची है जिसमें से 31,126 क्विंटल की खरीद की गई। सोमवार सुबह तक तीनों केंद्रों पर 3.46 लाख क्विंटल सरसों की आवक हुई और इसमें से 2.39 लाख क्विंटल की खरीद की गई। उठान की बात करें तो दादरी मंडी से सोमवार सुबह 11 बजे तक 40,500, बाढड़ा मंडी से 19,500 और झोझूकलां खरीद केंद्र से 10,000 क्विंटल सरसों का उठान हुआ है। 68,164 क्विंटल सरसों तीनों केंद्रों से गोदाम में पहुंचाई गई है जबकि 1.72 लाख क्विंटल सरसों अब भी मंडियों में पड़ी है।
सोमवार को सिर्फ 50 प्रतिशत सरसों को हुई खरीद
सोमवार को दादरी मंडी में 3,160 गेटपास कटे। मंडी में 35,000 क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की गई। इसमें से 50 प्रतिशत यानी 18,000 क्विंटल की ही खरीद हो पाई। सोमवार को महज चार हजार बैग का उठान हो पाया। शाम करीब सात बजे तक भी खरीद प्रक्रिया जारी है।
गेटपास कटवाने पर आपस में उलझे किसान
सोमवार को मंडी गेट से लेकर कॉलेज रोड स्थित पेट्रोल पंप से आगे तक ट्रैक्टरों की लाइन लगी रही। कुछ किसानों ने तीन से चार गेटपास कटवाने का प्रयास भी किया और इसे लेकर अन्य किसानों के साथ उनकी कहासुनी भी हुई। गहमागहमी बढ़ती देख मंडी परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया।