चरखी दादरी। शहर में बढ़ते प्रदूषण ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को एक्यूआई 200 था जो मंगलवार को बढ़कर 274 पर पहुंच गया।
महज 24 घंटे में एक्यूआई में 74 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। इससे हवा की गुणवत्ता काफी बिगड़ गई है। प्रदूषण विभाग के निर्देशों के बाद नगर परिषद प्रशासन ने शहर के मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव शुरू करवा दिया है। फिलहाल प्रमुख सड़कों पर दिन में दो बार पानी डाला जा रहा है। यह अभियान आगामी आदेशों तक जारी रहेगा। अधिक यातायात और धूल वाली सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदूषण बढ़ने से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को अधिक दिक्कत हो सकती है। विशेषकर सांस संबंधी बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए यह स्थिति चिंताजनक है।
नगर परिषद ने शुरू किया छिड़काव
लोगों का कहना है कि पानी के छिड़काव के साथ नियमित सफाई और निर्माण सामग्री को ढकने जैसे कदम भी जरूरी हैं। नगर परिषद सचिव गौरव शर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदूषण विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव शुरू किया गया है। गौरव शर्मा ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर छिड़काव बढ़ाया जाएगा। यह अभियान आगामी आदेशों तक जारी रहेगा।