चरखी दादरी। जिला के गुडाना गांव की जमाबंदी को ऑनलाइन करने की अनुमति मिल गई है और पोर्टल पर गांव दिखने लगा है। उपायुक्त मनदीप कौर ने स्वयं इस कार्य का संज्ञान लेकर ये काम करवाया है। गांव वालों ने इस कार्य का स्वागत किया है और अपना धरना खत्म कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर डाटा अपलोड करने के लिए शुक्रवार को ही 17 पटवारी और 17 ऑपरेटर लगा दिए गए है।
गुड़ाना गांव के लोगों के लिए अच्छी खबर आई है। उनके गांव की जमाबंदी को ऑनलाइन करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मिल गई है और गांव अब पोर्टल पर शो हो रहा है। ग्रामवासियों ने इस काम के पूरा होने पर खुशी जताई है और सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। साथ ही गांव के लोगों ने पिछले कुछ समय से चला आ रहा अपना धरना भी समाप्त कर दिया है। उपायुक्त ने मुख्यालय से संपर्क कर इस लंबित काम को कराया है। उन्होंने जिला के अधिकारियों को कहा है कि जिस काम के लिए सरकार की ओर से जो समय निर्धारित है उसी समय में वो काम पूरा होना चाहिए। किसी भी हाल में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त के निर्देश पर एसडीएम डाॅ. वीरेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर गांव वालों का धरना खत्म करवाया।