भिवानी। चरखी दादरी में नशे और अपराध के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे प्रभावी अभियान की सराहना अब जिला सीमाओं से बाहर भी होने लगी है। उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों से प्रभावित होकर शुक्रवार को भिवानी के विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने चरखी दादरी पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल में भिवानी कॉस्मेटिक एसोसिएशन, गारमेंट्स एसोसिएशन, व्यापार मंडल सहित विभिन्न प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने पुलिस अधीक्षक को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके नेतृत्व में चलाए जा रहे जनहितकारी अभियानों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर भिवानी कॉस्मेटिक एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक बंसल ने कहा कि पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने नशे के विरुद्ध केवल कानूनी कार्रवाई तक स्वयं को सीमित नहीं रखा बल्कि समाज के बीच जाकर युवाओं को जागरूक करने, उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश देने का उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी का समाज सुधारक और मार्गदर्शक की भूमिका निभाना अत्यंत प्रेरणादायक है।